आगरा: हिंदू महासभा ने शाहरुख, दीपिका का फूंका पुतला, फिल्म “पठान” में हिंदू विरोधी मानसिकता दिखाने का आरोप

स्थानीय समाचार

आगरा: अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने आज शहर में सिने अभिनेता शाहरुख और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का पुलता फूंका। महासभा के कार्यकर्ताओं ने फिल्म के पोस्टर भी फाड़ दिए। पुलिस उन्हें रोकने के लिए पहुंची तो हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारियों से झड़प हो गई।

प्रदर्शनकारी फिल्म पठान को हिंदू विरोधी मानसिकता वाली फिल्म बताते हुए उसका विरोध कर रहे हैं।

हिंदूवादी संगठनों ने चेतावनी दी कि अगर ये फिल्म यूपी में रिलीज होती है, तो वे सिनेमाघरों का नक्शा ही बदल देंगे। इन संगठनों का कहना है, “फिल्म का गीत बेशर्म रंग बॉलीवुड की विकृत हिंदू विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। भगवा को अश्लीलता से जोड़ा गया है और भगवा को ‘बेशर्म रंग’ कहा गया है। हम इन दृश्यों के साथ फिल्म को यूपी में प्रदर्शित नहीं होने देंगे।”

फिल्म पठान 25 जनवरी को रिलीज होना प्रस्तावित है। एक महीने पहले इसका टीजर आया था और हाल ही में इसका पहला गाना ‘बेशरम रंग…’ रिलीज हुआ। इसमें एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने शाहरुख के साथ बेहद बोल्ड सीन दिए हैं। इस गाने में दीपिका भगवा रंग की बोल्ड ड्रेस भी पहनी दिख रही हैं, इसी बात को लेकर मूवी का विरोध हो रहा है।

शहर के श्री टॉकीज पर हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी पठान फिल्म में विरोध करने पहुंचे। सुबह से सिनेमाघर के बाहर पुलिस तैनात थी। हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट और मीना दिवाकर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सिनेमाघर के बाहर नारेबाजी की। जैसे ही कार्यकर्ता पुतला लेकर बढ़े तो पुलिस ने उनसे पुतला छीनने का प्रयास किया। इसको लेकर कार्यकर्ताओं की पुलिस से तकरार हुई। कार्यकर्ताओं ने शाहरुख और दीपिका के पुतले को जूते से पीटा। छीना-झपटी के बीच कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगा दी। पुलिस ने जलते हुए पुतले को छीना और आग बुझा दी।

हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट का कहना है कि बालीवुड का ट्रेंड बन गया है कि हिंदुओं की भावनाओं को आहत कर फिल्म को हिट कराएं। मगर, अब हिंदू उनकी चाल को समझ गया है। इस फिल्म में दीपिका पादुकोण ने भगवा रंग के कपड़े पहनकर अश्लीलता परोसी है, उसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर ये फिल्म आगरा में रिलीज होती है, तो उस सिनेमाघर का हिंदूवादी नक्शा बदल देंगे। सिनेमाघर संचालक नुकसान के खुद जिम्मेदार होंगे।

मीना दिवाकर का कहना था कि दीपिका पादुकोण अगर भगवा की जगह हरे रंग का कपड़े पहनती तो हम भी उनका समर्थन करते। शाहरुख खान को फिल्म रिलीज होने से पहले वैष्णो देवी की याद आ रही है। अगर, वो इतने ही हिंदू देवी-देवताओं को मानते हैं तो भगवा कपड़े पहनकर जाते।