आगरा: 3 महीने की मोहलत मिलने से उत्साहित ताजगंज व्यापारियों ने मिष्ठान वितरण कर साझा की खुशी

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजमहल के 500 मीटर दायरे के व्यापारियों को प्रशासन ने धनतेरस की पूर्व संध्या पर बड़ी राहत दी। जिससे व्यापारी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। अपनी खुशी को साझा करने के लिए व्यापारियों की ओर से ताजगंज क्षेत्र में मिष्ठान वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई और इस खुशी को साझा किया।

आगरा प्रशासन से मिली मोहलत से व्यापारी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। आपको बताते चलें कि 500 मीटर परिधि में व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिए थे।

एमसी मेहता बनाम यूनियन आफ इंडिया वाद में ताजमहल पश्चिमी गेट मार्केट एसोसिएशन की जनहित याचिका को जोड़कर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने बीते 26 सितंबर को ताजमहल की चार दीवारी की 500 मीटर की परिधि में सभी व्यावसायिक गतिविधियां बंद करने का आदेश दिया था। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने इस आदेश के अनुपालन के लिए इस परिधि में आने वाले व्यापारियों को 17 अक्टूबर तक व्यावसायिक गतिविधियां रोकने के लिए नोटिस जारी कर दिए थे।

आदेश के बाद शुरू हुआ था विरोध

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ताजगंज डेवलपमेंट फेडरेशन के बैनर तले व्यापारियों ने इस आदेश का विरोध शुरु कर दिया था। प्रतिदिन अपनी मांग व आवाज को सरकार के कान तक पहुंचाने के लिए चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किये गए। लोगों का कहना था कि सुप्रीम कोर्ट में उनकी बात को सही तरीके से नहीं रखा गया बल्कि एडीए ने इस मामले में पैरवी नहीं की। एडीए की गलती का खामियाजा व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है।

एक साथी व्यापारी की हुई मौत

ताजगंज मामले में भले ही व्यापारियों को कुछ मोहलत मिल गई हो लेकिन उनकी आंखे आज भी नम है। व्यापारियों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की आदेश के इस आदेश से एक व्यापारी साथी को इतना धक्का लगा था कि हार्ट अटैक से उस व्यापारी की मौत हो गई। आज उस साथी की कमी खल रही है।

सीएम से भी मिला था प्रतिनिधिमंडल

अपनी समस्या को लेकर व्यापारी एक तरफ प्रदर्शन कर रहे थे और अपनी तकलीफ से जनप्रतिनिधियों सरकार को रूबरू करा रहे थे। इसी दौरान ताजगंज डेवलपमेंट फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने सरकार के नुमाइंदे से वार्ता की। वहीं एक प्रतिनिधिमंडल ने सीएम योगी से मिलकर अपनी समस्या और बात को रखा था। जिसके बाद से उम्मीद लगाए जा रही थी कि अब व्यापारियों को राहत मिल जाएगी और ऐसा ही हुआ।

सुप्रीम कोर्ट में रखेंगे अपना पक्ष

3 महीने की मोहलत मिले पर मिष्ठान वितरण कर रहे व्यापारियों का कहना है कि स्थानीय प्रशासन ने जो 3 महीने की मोहलत दी है वह उनकी लिए काफी है। 3 महीने के अंदर वह भी सुप्रीम कोर्ट में अपनी बात रखने के लिए सारी तैयारियां पूरी कर लेंगे। ताजगंज के पास मीटर के अंदर व्यावसायिक गतिविधियां बंद न हो इसके लिए पूरा प्रयास करेंगे।

अच्छे से मनेगी अब दिवाली

व्यापारियों का कहना था कि प्रतिष्ठान के उजड़ने और काले बादल छाए हुए थे। अब 3 महीने तक टल गए हैं। इस दौरान दीपावली पर्व भी है। अब उनका दीपावली अच्छे से मन जायेगी।

-एजेंसी