आगरा: आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम मनीष बंसल सख्त, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

स्थानीय समाचार

आगरा: जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल की समीक्षा बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से पेंशन और छात्रवृत्ति से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए।

पेंशनभोगियों को राहत: अब दफ्तर के चक्कर नहीं

जिलाधिकारी ने पेंशन संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए शिकायतकर्ताओं को कार्यालय बुलाने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में संबंधित पंचायत सचिव या सहायक खुद शिकायतकर्ता के घर जाएं, उनके दस्तावेज पूरे करवाएं और पेंशन प्रक्रिया सुनिश्चित करें। सभी बीडीओ (BDO) को इन शिकायतों का 15 दिन के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण करने का लक्ष्य दिया गया है।

शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रहार

बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान आरटीई (RTE) के तहत प्रवेश न देने वाले स्कूलों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने ऐसे विद्यालयों की मान्यता रद्द करने के लिए संबंधित बोर्ड को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को सीएचसी/पीएचसी में साफ-सफाई और आमजन के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने के साथ ही सभी जन औषधि केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने को कहा।

अधिकारियों की जवाबदेही तय

बैठक में शिकायतकर्ताओं से संपर्क न करने वाले विभागों—समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, एआरटीओ, सिंचाई, पीडब्ल्यूडी और टोरंट—पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी के कार्यालय में 98 प्रतिशत शिकायतों पर संतोषजनक संपर्क की जिलाधिकारी ने सराहना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता दर्शन के दौरान सुबह 10 से 12 बजे तक सभी अधिकारियों को ऑनलाइन उपस्थित रहना अनिवार्य है, अन्यथा उनका वेतन काटा जाएगा।

​वृक्षारोपण महाभियान और मंगल वाटिका

वृक्षारोपण महाभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण के लिए चिन्हित भूमि का लेखपाल और सचिव से संयुक्त भौतिक सत्यापन कराया जाए। साथ ही, जनपद की सभी 690 ग्राम पंचायतों में ‘मंगल वाटिका’ (पंचवटी, पंचपल्लव, हरिशंकरी, स्वावलंबन और आरोग्य वाटिका) स्थापित करने की योजना पर भी जोर दिया गया।

​बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, डीएफओ, सीएमओ सहित जनपद के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।