आगरा: जरूरतमंदों में ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, सिलाई मशीन और गरम कपड़े बांटकर मनाया नववर्ष उत्सव

स्थानीय समाचार

आगरा। लोगों में खुशियां बाटों तो खुशियां खुद तुम्हारे पास चली आएंगी। किसी भी उत्सव की खुशियां मनाने का सबसे बेहतर तरीका है कि लोगों में खुशियां बांटों। कुछ इसी उद्देश्य के साथ अशोक मेडिकेयर एंड रिसर्च फाउंडेशन (अशोक ग्रुप) द्वारा विकलांग सेवा संस्था व चेतना सेवा संस्था द्वारा संजय प्लेस स्थित कॉसमॉस मॉल में नववर्ष उत्सव मनाया गया। जहां जरूरतमंद लोगों को 21 ट्राइसाइकिल, 20 व्हील चेयर, 25 सिलाई मशीन, 34 शॉल व कम्बल (कालिन्दी विहार स्थित सूरदास विद्यालय के विद्यार्तियों को) सहित 101 उपहार बांटे गए।

कार्यक्रम का शुभारम्भ शंखनाद व मधु बघेल, राज्यमंत्री राकेश गर्ग व अशोक ग्रुप की एमडी डॉ. रंजना बंसल द्वारा श्रीगणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। डॉ. रंजना बंसल ने सभी अतिथियों का स्वागत कलावे की माला व पौधे भेंट करते हुए कहा कि हम जो बांटेंगे वहीं पाएंगे। इसलिए खुशियां मनानी है तो खुशियों को बांटों।

संजय प्लेस स्थित कॉसमॉस मॉल में आज नववर्ष का आगाज हरे नाम संकीर्तन के साथ हुआ। नव वर्ष के पहले दिन अक्सर पार्टी में व्यस्त रहने वाले युवा हरेनाम संकीर्तन पर खूब झूमें। अशोक मेडिकेयर एंड रिसर्च फाउंडेशन (शोक ग्रुप) द्वारा आयोजित नववर्ष उत्सव में इस्कॉन मंदिर, आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप द्वारा मृदंग और मंजीरे पर कृष्णमयी ऊर्जा से ओतप्रोत संकीर्तन का जादू ऐसा बिखरा कि मॉल में शापिंग करने और न्यू ईयर सेलीब्रेशन भूल हर युवक-युवती संकीर्तन में मग्न हो गया।

लगभग दो घंटे चले संकीर्तन में डॉ. रंजना बंसल ने कहा कि हरेनाम के साथ नववर्ष के शुभारम्भ से अच्छा भला और क्या हो सकता है। इससे युवा पीढ़ी भी अपनी परम्परा और संस्कृति से जुड़ेगी।

इस अवसर पर मुख्य रूप से एडीएम सिटी (प्रशासन) अजय कुमार सिंह, जिला विकलांग अधिकारी सिद्धांत शर्मा, विकलांग सेवा संस्था के वीके गुप्ता, चेतना सेवा संस्था के एसपी जैसवाल आदि उपस्थित रहे। संचालन श्रुति सिन्हा ने किया।