आगरा: कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने लिया जैन मुनि डा.मणिभद्र महाराज से आशीर्वाद

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा ।नेपाल केसरी, राष्ट्र संत डा.मणिभद्र महाराज ने कहा है कि भिक्षुक और याचक में अंतर होता है। जैन मत के भिक्षुक महान संपदा के मालिक होते हैं। उन पर अपार आध्यात्मिक संपदा होती है। जबकि याचक तो हमेशा याचना ही करते रहते हैं।

महावीर भवन, न्यू राजामंडी में रविवार को जैन मुनि ने उतराध्यायन के 15 वे अध्याय की विस्तृत चर्चा की। वहीं, आज प्रदेश महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबीरानी मौर्य ने महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया।

जैन मुनि ने बताया कि इस अध्याय में 16 गाथाएं हैं। इसमें बताया गया है कि भिक्षुक कौन होता है, कैसा होता है, उसके क्या गुण होने चाहिए। भिक्षुक का सामान्य अर्थ भिक्षा लेने वाला होता है, लेकिन जैन धर्म में भिक्षुक का अर्थ बहुत गंभीर है। सांसारिक और भौतिक दृष्टि से भिक्षुक अंकिचन होता है, लेकिन आध्यात्मिक संपदा उस पर अपार होती है। भौतिक और सांसारिक संपदा में अंतर होता है। भैतिक संपदा आज है, कल नहीं। वह क्षण भर में वह बदल जाता है। आध्यात्मिक संपदा जिसने एक बार स्वीकार कर ली, वह उसके पास हमेशा रहती है, बल्कि उसमें निरंतर बढ़ोत्तरी होती है, उसे कोई अन्य ले ही नहीं सकता।

याचना और प्रार्थना की चर्चा करते हुए जैन मुनि ने कहा कि मंदिर और संतों के पास जाकर लोग याचना करते हैं। हर कोई कुछ न कुछ मांगता रहता है। कोई धन संपति तो कोई अन्य वस्तु मांगता है, लेकिन याचना से कुछ नहीं मिलता। उसने जो अपने जीवन में बोया है, वही तो मिलेगा। इसलिए जहां भी जाओ,प्रार्थना करो। हमें तो केवल श्रद्धा और भक्ति करनी चाहिए। तब हमें बिना मांगे सब कुछ मिल जाएगा । गीता में भी लिखा है कि कर्म करे जाओ, बिना मांगे सब कुछ मिल जाता है। आश्चर्य की बात है कि लोग भगवान को एक नारियल चढ़ा कर सारी संपति लेना चाहता है। जब रोजगार चल जाता है तो फिर ध्यान नहीं देता। भगवान का ध्यान रखो, वे सभी का ध्यान रखते हैं।

प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य ने महाराज के चरणों में नमन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। विश्व हिंदू महासंघ, पोखरा (नेपाल) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नेपाल के गुरुकुलों के कुलाधिपति किशोर गौतम, बंगलौर के इंद्रचंद्र बोहरा, रोपड़ पंजाब की इंदु जैन आदि ने भी महाराज जी से आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर नरेश चप्लावत, राजेश सकलेचा, राजीव जैन, अजय जैन पूर्व पार्षद, वैभव जैन, सौरभ जैन, अमित जैन, सचिन जैन, अर्पित जैन ,अतिन जैन, संजय चप्लावत सहित अनेक धर्मप्रेमी उपस्थित थे।

-up18news