पुरुषोत्तम मास में भक्तिमय हुआ आगरा: श्री गिरिराज जी सेवा मण्डल ने आयोजित किया ठाकुर जी का भव्य नौका विहार और प्रसादी महोत्सव

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा: पवित्र पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर फतेहाबाद रोड स्थित त्रिवेणी ग्रीन्स में श्री गिरिराज जी सेवा मण्डल परिवार द्वारा एक अत्यंत भक्तिपूर्ण और दिव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहाँ ठाकुर जी के दिव्य नौका विहार, आम मनोरथ और प्रसादी महोत्सव ने उपस्थित श्रद्धालुओं को श्रीधाम वृंदावन की अलौकिक लीलाओं का अनुभव करा दिया।

भक्ति के रंग में रंगा वातावरण

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक नितेश अग्रवाल, सह संस्थापक मयंक अग्रवाल, संरक्षक महंत कपिल नागर जी महाराज, अजय सिंघल, वीरेंद्र सिंघल, विजय अग्रवाल, विशाल बंसल, अंकुर अग्रवाल और पुनीत अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंदिर परिसर राधे-कृष्ण के जयघोष और मधुर संकीर्तन से गूँज उठा। विशेष रूप से सुसज्जित नौका में विराजमान ठाकुर जी के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर भक्त भाव-विभोर हो गए।

​पुरुषोत्तम मास का महत्व

संस्थापक अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुरुषोत्तम मास भगवान श्रीहरि की विशेष कृपा प्राप्त करने का सर्वश्रेष्ठ समय है। उन्होंने कहा, “इस मास में की गई सेवा, दान और सत्संग का फल कई गुना अधिक होता है। हमारा उद्देश्य सनातन संस्कृति और भक्ति परंपराओं को जन-जन तक पहुँचाना है।” उन्होंने कहा कि ठाकुर जी का नौका विहार भक्त और भगवान के बीच के अटूट प्रेम का प्रतीक है।

​सामूहिक सहभागिता और प्रसादी

कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने इसे और अधिक भव्य बना दिया। आयोजन को सफल बनाने में संयोजक मयंक जैन, आशीष गुप्ता, अतुल गोयल और विकल गर्ग की अहम भूमिका रही। साथ ही आशी अग्रवाल, शिवानी सिंघल, रुचि बंसल, कविता अग्रवाल, मीनाक्षी अग्रवाल, नीतू गुप्ता, साक्षी जैन, ज्योति अग्रवाल, मधु अग्रवाल, कल्पना जैन, सीमा अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, बबीता अग्रवाल और सारिका अग्रवाल सहित अनेक सेवादारों ने व्यवस्थाओं का कुशल संचालन किया।

कार्यक्रम के समापन पर ठाकुर जी की भव्य आरती उतारी गई और भक्तों के बीच आम प्रसादी का वितरण किया गया। “जय श्री कृष्णा” के जयकारों के साथ संपन्न हुए इस महोत्सव ने श्रद्धालुओं को एक अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।