आगरा: वेतन न मिलने से नाराज़ आशा कार्यकत्रियों का टूटा सब्र, तालाबंदी कर की हड़ताल

स्थानीय समाचार

आगरा: आज विश्व महिला दिवस पर जहां महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है। उनका मनोबल बढ़ाने का कार्य किया जा रहा था, वहीँ दूसरी तरफ़ आशा कार्यकर्ताओं को सम्मान तो नहीं मिला लेकिन वेतन न मिलने से नाराज आशा कार्यकर्ताओं को अपने हक के लिए धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ा। यह स्थिति प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लच्छीपुरा विभव नगर पर देखने को मिली।

स्वास्थ्य केंद्र पर डाला ताला

विश्व महिला दिवस पर आशा कार्यकर्ताओं का सब्र का बांध टूट गया। कई महीनों से वेतन ना मिलने से आर्थिक स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब हो रही थी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए आखिरकार आशा कार्यकर्ताओं को अपनी चुप्पी तोड़नी पड़ी। आशा कार्यकर्ताओं ने लच्छीपुरा विभव नगर स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर तालाबंदी कर दी जिससे स्वास्थ्य कर्मचारी उसी में बंद हो गए। इसके बाद से जमकर प्रदर्शन और हंगामा करना शुरू कर दिया।

हड़ताल हुई शुरू

विभाग की तानाशाही और उत्पीड़न वाली कार्यशैली से परेशान होकर आशा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान ही हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। विश्व महिला दिवस से ही अपने हक को पानी के लिए हड़ताल कर दी। इसका सभी आशा कार्यकर्ताओं ने समर्थन किया और विभाग के खिलाफ हड़ताल शुरू हो गई। हड़ताल शुरू हो जाने के बाद आशा कार्यकर्ताओं ने अपना कार्यभार पूरी तरह से ठप कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस

स्वास्थ्य केंद्र पर तालाबंदी और हंगामे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कहा कि आप लोगों को प्रदर्शन करने का तो अधिकार है लेकिन तालाबंदी का अधिकार नहीं है। इस पर आशा कार्यकर्ता नाराज दिखाई दी और उन्होंने अपनी पूरी वेदना बताते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने आशा कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया।

कोरोना काल का भी वेतन नहीं मिला

पीड़ित आशाओं ने बताया कि कोरोना काल से लेकर आज तक हमारी सैलरी नहीं मिली है। जिसकी पूर्व में कई बार लिखित शिकायत आगरा जिलाधिकारी, सीएमओ आफिस में करने के बाद भी अभी तक सिर्फ आश्वासन के सिवाय कुछ नही मिला। आशा कमलेश ओर रामवती ने बताया की एक साल से वह बिना वेतन के कार्य कर रही है। उन्हें अभी तक वेतन और अन्य भुगतान नहीं मिले हैं। जिससे उन्हें अपना खर्चा चलाने में परेशानी हो रही है। वह दिन भर घर घर जाकर स्वास्थ्य विभाग के लिए कार्य कर रही है।

उधर स्वास्थ्य केंद्र की मुख्य डॉक्टर शालिनी शर्मा का कहना है कि इस सेंटर से उनके वेतन का कोई प्रावधान नहीं है। आशाओं का वेतन सीएमओ ऑफिस से जारी किया जाता है। आशाओं की समस्या के लिए सीएमओ को अवगत करा दिया गया है।

-up18 News