आगरा में लगेगा स्वास्थ्य का महाकुंभ: लायंस क्लब फ़्रेंड्स महान 21 जून को करेगा विशाल निःशुल्क शिविर का आयोजन

विविध

आगरा। जनमानस को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से लायंस क्लब फ़्रेंड्स महान ने एक विशेष पहल की है। आगामी 21 जून को कमला नगर बाईपास स्थित उत्सव मैरेज हॉल में एक भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में दिल्ली के प्रतिष्ठित मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (साकेत) के वरिष्ठ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। हाल ही में आयोजित एक प्रेस वार्ता में क्लब के पदाधिकारियों ने पोस्टर का विमोचन कर इस शिविर की विस्तृत जानकारी साझा की।

अध्यक्ष अतुल बंसल ने बताया कि शिविर में हृदय रोग, हड्डी रोग, पेट एवं पित्ताशय रोग, यूरोलॉजी, फेफड़ा रोग तथा स्त्री रोग से संबंधित मैक्स हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का निःशुल्क परीक्षण कर आवश्यक परामर्श देंगे। शिविर प्रातः 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संचालित होगा और 3 बजे से स्त्री रोग पर डॉ. कनिका बत्रा का संवाद सेमिनार होगा।

सचिव योगेश अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। अब तक आगरा मण्डल के 550 से अधिक मरीज प्री-रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। शिविर का उद्देश्य लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराना है, ताकि समय रहते बीमारियों की पहचान और उपचार संभव हो सके।

शिविर में ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर, ईसीजी, बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी), मेमोग्राफी, पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट तथा विभिन्न प्रकार की रक्त जांच की सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी। शिविर के समापन पर महिलाओं के स्वास्थ्य, जागरूकता एवं जीवनशैली से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

इस अवसर पर कोषाध्यक्ष सुनील सिंघल, रजत अग्रवाल, पार्षद मुरारी लाल गोयल, अमित अग्रवाल पारुल, गिर्राज बंसल, हरिओम बाबा, बीएम तापड़िया, राजेश जैन, नरेश अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, प्रवीण गोयल, द्वारिका प्रसाद अग्रवाल, जितेंद्र जैन, अजय सुगंधी, मनोज अलंकार, अनिल लक्स, अनिल उत्सव आदि उपस्थित रहे।