भक्ति से सेवा और सेवा से परिवर्तन का संकल्प: आगरा में 24 अक्टूबर को आयोजित होगा ‘भक्ति वेव’ का भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक समारोह

विविध

आगरा। भक्ति केवल आराधना नहीं, बल्कि सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प है। इसी विचार को आत्मसात करते हुए ‘भक्ति वेव: सेवा, प्रसार, सनातन’ संस्था सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार, भारतीय संस्कारों के संरक्षण और समाजसेवा के कार्यों को नई दिशा देने के लिए आगे बढ़ रही है। संस्था का ध्येय वाक्य ‘भक्ति से सेवा, सेवा से परिवर्तन’ उसकी विचारधारा और कार्ययोजना का मूल आधार है। इसी संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 24 अक्टूबर को कमला नगर स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया जाएगा।

समारोह के आमंत्रण पत्र का विमोचन दयालबाग स्थित होटल पूनम प्लाजा में किया गया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने सनातन संस्कृति के संरक्षण, नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं से जोड़ने और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सहयोग एवं सद्भाव बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

संस्था के संस्थापक संचित गोयल ने बताया कि समारोह का मुख्य आकर्षण बाल संत भक्त भागवत जी होंगे। अपने प्रेरक संदेश ‘हेलो-हाय छोड़ो, भक्ति से नाता जोड़ो’ के माध्यम से वह बच्चों और युवाओं को सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं तथा भारतीय संस्कारों से जुड़ने की प्रेरणा देंगे। उनका संदेश नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और जीवन में भक्ति एवं सदाचार को अपनाने की दिशा में प्रेरित करेगा।

उन्होंने कहा कि भक्ति वेव का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति के मूल्यों को समाज के व्यवहार और सेवा कार्यों में उतारना है। संस्था चाहती है कि बच्चे और युवा अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझें, धार्मिक परंपराओं से परिचित हों और सेवा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। संस्था की शुरुआत भी सेवा कार्य से हुई है और भविष्य में धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से इस अभियान को विस्तार दिया जाएगा।

संस्था के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार गोयल ने बताया कि समाज के विभिन्न वर्गों को भक्ति, संस्कार और सेवा के सूत्र में जोड़ना संस्था की प्राथमिकता है। 24 अक्टूबर का समारोह इसी उद्देश्य को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की पहल है। कार्यक्रम में बाल संत भक्त भागवत जी के साथ अन्य संतगण भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बाल संत भक्त भागवत जी के प्रशंसक हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों को विशेष रूप से कार्यक्रम में आमंत्रित किया जा रहा है। इसके साथ ही उन परिवारों के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा, जो अपने बच्चों को सनातन संस्कृति, धार्मिक संस्कारों और भारतीय परंपराओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। संस्था का मानना है कि परिवार ही संस्कारों की पहली पाठशाला है और परिवारों के प्रयासों से ही सांस्कृतिक विरासत एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती है।

संस्था के महासचिव तुषार गोयल ने बताया कि 24 अक्टूबर को कमला नगर स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में आयोजित समारोह का शुभारंभ दोपहर 12 बजे सुंदरकांड पाठ एवं प्रसादी के साथ होगा। दूसरे सत्र में पंडित सुभाष चंद्र शास्त्री दीपावली पूजन की विधि, मंत्रोच्चारण के महत्व और सनातन परंपरा के अनुरूप विधिवत पूजा-अर्चना करने की जानकारी देंगे। इसके माध्यम से श्रद्धालु दीपावली पूजन की परंपराओं और धार्मिक विधि-विधान को समझ सकेंगे। कार्यक्रम में सायं छह बजे से बाल संत भक्त भागवत जी की प्रस्तुति होगी।

संस्था के कोषाध्यक्ष हरीश गोयल ने बताया कि मित्रता दिवस के अवसर पर चार मित्रों के बीच हुई सहज बातचीत से भक्ति वेव की स्थापना का विचार सामने आया। चर्चा के दौरान विचार हुआ कि सनातन संस्कृति, सेवा और समाजहित के लिए ऐसी पहल की जाए, जो लोगों को आपस में जोड़े और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराए। इस विचार को मित्रों के साथ साझा किया गया तो सभी ने इसे सहर्ष स्वीकार किया। इसके बाद सामूहिक संकल्प के साथ संस्था के गठन की दिशा में कदम बढ़ाए गए।

संस्था के मार्गदर्शक नंदकिशोर गोयल ने बताया कि वह लंबे समय तक विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं में अलग-अलग पदों पर कार्य कर चुके हैं। अब अपने अनुभव के माध्यम से भक्ति वेव को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। संस्था का प्रयास रहेगा कि धार्मिक आस्था को सेवा से जोड़कर समाज में संस्कार, सहयोग और सकारात्मकता का वातावरण तैयार किया जाए। ‘भक्ति से सेवा, सेवा से परिवर्तन’ के ध्येय के साथ संस्था सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएगी।

इस अवसर पर लोकेश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, देवांश अग्रवाल, महेंद्र गुप्ता, गौरिका गोयल, रोहित पुरी, प्रियंका गोयल, शालिनी गोयल, रूबी गोयल, अंजलि गोयल, विनीता अग्रवाल आदि उपस्थित रहीं।