वीआईपी पार्टी के नेता और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रामई राम का निधन हो गया है। रमई राम का निधन पटना के मेदांता अस्पताल में हुआ। बताया जा रहा है कि वे कई दिनों से बीमार चल रहे थे और पटना स्थित मेदांता अस्पताल में इलाजरत थे। रमई राम मुजफ्फरपुर के बोचहां से 9 बार विधायक चुने गए थे। वे लालू और नीतीश, दोनों सरकार में मंत्री पद संभाला था। हाल ही में बोचहां विधानसभा के उपचुनाव में उनकी बेटी वीआईपी पार्टी से प्रत्याशी बनी थीं। इधर रमई राम के निधन पर बिहार के सभी दलों के नेताओं ने शोक जताया है।
1944 में जन्मे रमई राम लंबे समय तक बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रहे। उनके निधन पर प्रदेश में शोक की लहर है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उनके निधन पर संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि समाजवादी नेता रमई राम जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। वे कर्मठ और सामाजिक कार्यकर्ता थे।
तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर लिखा कि वरिष्ठ समाजवादी नेता, पूर्व मंत्री और 9 बार विधायक रहे रमई राम के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। वो एक कर्मठ और समर्पित राजनेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता थे। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।
9 बार बोचहां से विधायक रहे रमई राम
रमई राम बोचहां सीट से तीन बार आरजेडी के टिकट पर, एक बार जेडीयू के टिकट पर, दो बार जनता दल के टिकट पर और इसके अलावा तीन अन्य दलों के प्रत्याशी के रूप में विधायकी का चुनाव जीते थे। इसके साथ ही वह 5 बार बिहार में मंत्री भी रहे।
साल 2015 और 2020 में लगातार दो बार उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। 2015 में निर्दलीय प्रत्याशी बेबी कुमारी ने इन्हें सियासी पटखनी दी थी तो वहीं 2020 में विकासशील इंसान पार्टी के मुसाफिर पासवान के हाथों उन्हें हार झेलनी पड़ी थी।
-एजेंसी