आगरा: गुजरात में खुद को आयकर (इंकम टैक्स) अधिकारी बताकर बस से 5 किलो सोना लूटने के सनसनीखेज मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे इनामी आरोपी को आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया है। गुजरात पुलिस और यूपी एसटीएफ (आगरा) की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात लगभग 9 बजे सदर बाजार थाना क्षेत्र के सेवला जाट स्थित इंडसइंड बैंक के समीप घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपी की पहचान आगरा के किरावली तहसील अंतर्गत सहारा गांव निवासी सुंदर सिंह सोलंकी के रूप में हुई है। वह वर्ष 2021 में गुजरात के अहमदाबाद देहात (ग्रामीण) जिले में घटित हुई इस बहुचर्चित लूट की घटना में वांछित चल रहा था।
शातिर आरोपी ने अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर सरकारी अफसरों का ऐसा ताना-बाना बुना था कि बस यात्रियों को जरा भी अंदेशा नहीं हुआ। बदमाशों ने नीली बत्ती लगी लग्जरी कार, फर्जी नंबर प्लेट और आयकर विभाग के जाली पहचान पत्रों का सहारा लेकर बस को रुकवाया था। इसके बाद यात्रियों को बंधक बनाकर बस में ले जाया जा रहा 5 किलोग्राम सोना लूटकर चंपत हो गए थे।
गुजरात पुलिस की गुहार पर आगरा STF ने बिछाया जाल
एसटीएफ के अनुसार, गुजरात के अहमदाबाद देहात जिले के बगोदरा पुलिस स्टेशन में दर्ज डकैती के इस मुकदमे में सुंदर सिंह सोलंकी लंबे समय से पुलिस की नजरों से बचकर भाग रहा था। गुजरात पुलिस लगातार उसकी सुरागकशी में जुटी हुई थी और आखिरकार उसने उत्तर प्रदेश एसटीएफ से संपर्क कर तकनीकी सहयोग मांगा। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक राकेश के मार्गदर्शन में आगरा एसटीएफ की टीम ने आरोपी की सटीक लोकेशन खंगालना शुरू किया।
शुक्रवार को सटीक सूचना मिली कि सुंदर सिंह सदर बाजार के सेवला जाट स्थित सरस्वती बिहार में इंडसइंड बैंक के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही एसटीएफ और गुजरात पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके को घेर लिया और आरोपी को भागने का अवसर दिए बिना गिरफ्तार कर लिया।
फरवरी 2021 में रची गई थी डकैती की पटकथा
सघन पूछताछ में सुंदर सिंह ने वारदात की पूरी कहानी बयां की। उसने स्वीकार किया कि फरवरी 2021 में उसने अपने साथियों के संग मिलकर सोना लूटने का पूरा प्लान तैयार किया था। इसके लिए कई दिनों तक रेकी की गई थी, क्योंकि उन्हें पता था कि निजी बसों के माध्यम से बड़े पैमाने पर कीमती सामान और सोने के पार्सल भेजे जाते हैं। वारदात को अंजाम देने के लिए गिरोह ने एक किराए की कार हासिल की, उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई और छत पर नीली बत्ती लगा ली। इतना ही नहीं, आयकर विभाग के नाम से फर्जी आईडी कार्ड भी तैयार कराए गए ताकि किसी को संदेह न हो।
दो बसों को रोककर यात्रियों को बनाया था बंधक
योजना के तहत बदमाशों ने गुजरात में बावला और बगोदरा के बीच दो बसों को निशाना बनाया, जिनमें सोने के पार्सल रखे हुए थे। डकैती को अंजाम देने के लिए गिरोह के दो सदस्य पहले से ही बस के अंदर यात्री बनकर सवार हो गए थे, जबकि बाकी साथी नीली बत्ती लगी कार से फर्जी अधिकारी बनकर पीछे से पहुंचे। सरकारी रौब दिखाकर बस को जबरन रुकवाया गया। इसके बाद यात्रियों को गंतव्य के बीच में ही उतारकर एक सुनसान जगह ले जाया गया और उनके हाथ-पांव बांध दिए गए। इसके तुरंत बाद बस में रखा 5 किलो सोना कब्जे में लेकर आरोपी दूसरी कार से फरार हो गए।
वारदात की शैली से स्पष्ट था कि गिरोह ने पूरी पेशेवर योजना बनाई थी। फर्जी पहचान पत्र और नीली बत्ती का इस्तेमाल कर उन्होंने यात्रियों में यह यकीन दिला दिया था कि वे वास्तव में केंद्रीय एजेंसी के अधिकारी हैं।
फिरोजाबाद में भी दर्ज है धोखाधड़ी की एफआईआर
एसटीएफ की पड़ताल में सुंदर सिंह सोलंकी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ फिरोजाबाद जिले के पचोखरा थाने में वर्ष 2018 में अमानत में खयानत और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। गुजरात की इस बड़ी लूट के बाद से वह लगातार ठिकाने बदलकर रह रहा था।
मेडिकल के बाद कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड पर किया गया पेश
गिरफ्तारी के बाद गुजरात पुलिस टीम आरोपी को सदर बाजार थाने ले आई, जहां उसका नियमानुसार डॉक्टरी परीक्षण (मेडिकल) कराया गया। इसके पश्चात गुजरात पुलिस ने उसे आगरा न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड हासिल किया, ताकि उसे अहमदाबाद ले जाकर इस अंतरराज्यीय गिरोह के अन्य सदस्यों और लूट के माल की बरामदगी के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई की जा सके।


