वृंदावन पहुंचे अनंत अंबानी ने श्री गिरिराज जी मुखारविंद मंदिर में की पूजा: गोवर्धन पर्वत की पूरी परिक्रमा की; ब्रजवासियों ने किया भव्य स्वागत

Regional

वृंदावन/मथुरा। रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी शुक्रवार को पावन नगरी वृंदावन पहुंचे। अपने आध्यात्मिक प्रवास के दौरान उन्होंने श्री गिरिराज जी मुखारविंद मंदिर में विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की और गोवर्धन पर्वत की संपूर्ण परिक्रमा संपन्न की। इस दौरान परिक्रमा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और सेवादारों ने उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया। अनंत अंबानी के आगमन से स्थानीय भक्तों व ब्रजवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला, जबकि यात्रा के दौरान ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक व आध्यात्मिक परंपराओं की सुंदर झलकियां भी प्रस्तुत की गईं।

​मंदिर में शीश नवाया, परिक्रमा मार्ग में हुआ कृष्ण लीलाओं का मंचन

अनंत अंबानी ने वृंदावन आगमन के पश्चात सबसे पहले श्री गिरिराज जी मुखारविंद मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके उपरांत उन्होंने नियमपूर्वक गिरिराज जी (गोवर्धन पर्वत) की परिक्रमा प्रारंभ की। परिक्रमा मार्ग में कई स्थलों पर स्थानीय कलाकारों द्वारा मनमोहक कृष्ण लीलाओं का मंचन किया गया, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन धारण जैसे दिव्य प्रसंगों को सजीव रूप से दर्शाया गया, जिसे देख श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

​”बचपन से थी गिरिराज जी की परिक्रमा करने की अभिलाषा”: अनंत अंबानी

​इस पावन अवसर पर अपनी अनुभूति साझा करते हुए अनंत अंबानी ने कहा— “यहां आकर मुझे असीम शांति और आनंद की अनुभूति हो रही है। यह भगवान श्रीनाथजी की पावन लीला भूमि है। बचपन से ही मेरी यह हार्दिक अभिलाषा थी कि मैं गिरिराज जी की संपूर्ण परिक्रमा करूं और प्रभु के श्रीचरणों में दंडवत नमन करूं। इस आत्मीय स्नेह और सम्मान के लिए मैं समस्त ब्रजवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”

​”अंबानी परिवार का गिरिराज जी से रहा है गहरा आध्यात्मिक लगाव”: मंदिर पुजारी

श्री गिरिराज जी मुखारविंद मंदिर के पुजारी गणेश ने अनंत अंबानी के पधारने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा “अनंत अंबानी जी के गिरिराज जी आगमन से मंदिर प्रांगण और पूरे ब्रज क्षेत्र में अत्यंत हर्ष का माहौल है। उनके माता-पिता (मुकेश और नीता अंबानी) तथा दादा-दादी (धीरूभाई और कोकिलाबेन अंबानी) का गिरिराज महाराज से सदैव गहरा आध्यात्मिक लगाव रहा है। अंबानी परिवार ने हमेशा यहां के देवालयों में दान-पुण्य और सेवा कार्य किए हैं। हमारी ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वे अंबानी परिवार को सदैव सुख, समृद्धि और यश प्रदान करें।”