जीवनी मंडी श्री खाटू श्याम जी मंदिर में पांच दिवसीय दीपोत्सव का भव्य समापन: भाई दूज पर महाआरती और विशेष श्रृंगार से भक्तिमय हुई ताजनगरी

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा। ताजनगरी आगरा के जीवनी मंडी स्थित सुप्रसिद्ध श्री खाटू श्याम जी मंदिर में दीपावली के पावन पर्व से शुरू हुए पांच दिवसीय भव्य दीपोत्सव का बुधवार को भाई दूज के अवसर पर विशेष श्रृंगार, भव्य आतिशबाजी और महाआरती के साथ अलौकिक एवं भक्तिमय माहौल में समापन हो गया। पांच दिनों तक चले इस पंचोत्सव के दौरान प्रतिदिन बाबा श्याम के विभिन्न आकर्षक स्वरूपों में श्रृंगार, जगमगाती भव्य विद्युत सजावट और आतिशबाजी ने आगरा समेत दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को भावविभोर किए रखा।

भाई दूज के पावन दिन ‘आगरा नरेश’ बाबा श्याम के दिव्य दर्शन पाने के लिए सुबह तड़के से ही मंदिर प्रांगण में भक्तों का तांता लगा रहा। लाल, गुलाबी और सिंदूरी पुष्पों के मनमोहक संयोजन के मध्य सजे बाबा श्याम के विग्रह ने दर्शनार्थियों को निहाल कर दिया।

​ट्रस्ट की ओर से हुई इत्र, राजभोग व श्रृंगार सेवा; नवीन गोयल ने अर्पित की पोशाक

​इस पावन अवसर पर श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भाई दूज के विशेष अवसर पर बाबा की मुख्य श्रृंगार, इत्र मालिश, राजभोग एवं संध्या भोग सेवा की संपूर्ण व्यवस्था श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट की ओर से समर्पित की गई, जबकि बाबा की मनमोहक नवीन पोशाक सेवा नवीन गोयल द्वारा अर्पित की गई।

अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि भक्तों की निरंतर बढ़ रही संख्या और विशेष मांग को ध्यान में रखते हुए मंदिर ट्रस्ट द्वारा दोपहर की प्रसादी सेवा भी आधिकारिक रूप से प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने अपील की कि जो भी श्रद्धालु इस सेवा में अपना योगदान, स्वेच्छा से सहयोग या बुकिंग कराना चाहते हैं, वे सीधे मंदिर कार्यालय में संपर्क स्थापित कर सकते हैं।

भव्य आतिशबाजी और महाआरती के साथ संपन्न हुआ उत्सव

​उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय दीपोत्सव के तहत हर रोज शाम को मंदिर परिसर में भव्य आतिशबाजी की गई और समूचे मंदिर क्षेत्र को रंग-बिरंगी दूधिया लाइटों से सजाया गया था। उत्सव के अंतिम दिन आयोजित हुई विशेष महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शिरकत कर ‘हारे के सहारे’ बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया।

​इस वृहद पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन को सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में ट्रस्ट के सचिव संजय अग्रवाल, हेमेंद्र अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अमित गोयल, कन्हैया लाल अग्रवाल समेत कार्यकारिणी के अन्य प्रमुख सदस्यों ने विशेष व्यवस्थाओं का दायित्व संभाला।