Agra News: शराब पीने का विरोध करने पर पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या; बेरहमी से पीटने के बाद रस्सी से घोंटा गला, आरोपी फरार

Crime

आगरा: ताजनगरी के खेड़ा राठौर थाना क्षेत्र के शांति नगर गांव से रिश्तों को तार-तार करने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। दोपहर को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब मायके पक्ष ने उसके पति पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया। आरोप है कि शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचे पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और फिर चारपाई पर लिटाकर रस्सी से उसका गला कस दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है।

​शराब पीने के विरोध पर हुआ था खूनी विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शांति नगर गांव निवासी पूरन सिंह मजदूरी का कार्य करता है। उसके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। करीब 14 साल पहले पूरन सिंह की शादी ऊषा देवी के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब दो बजे पूरन सिंह अत्यधिक शराब के नशे में अपने घर पहुंचा। आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने उसे शराब पिलाई थी।

जब वह घर पहुंचा तो पत्नी ऊषा देवी ने उसके शराब पीने का कड़ा विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले ली। आरोप है कि गुस्से में आकर पूरन सिंह ने ऊषा देवी की जमकर पिटाई की और फिर चारपाई पर गिराकर रस्सी से उसका गला दबा दिया। इस वीभत्स हमले में महिला की सांसें थम गईं। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, आरोपी फरार

​घर के अंदर से आ रही चीख-पुकार और रोने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को अपनी तरफ आते देख आरोपी पति पूरन सिंह मौके से फरार हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इस घटना की सूचना दी। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके वालों ने भी ससुराल पक्ष पर संगीन आरोप लगाते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

​पुलिस अधिकारियों ने किया मुआयना, शव पोस्टमार्टम को भेजा

​वारदात की सूचना मिलते ही एसीपी बाह जितेंद्र कुमार और थाना प्रभारी गुरबिंदर सिंह भारी पुलिस बल के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

​एसीपी बाह जितेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि घटना के वक्त आरोपी पति शराब के नशे में था। पत्नी की पिटाई करने के बाद रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या किए जाने का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस ने साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।