नोएडा/गुरुग्राम: उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) स्थित सुपरनोवा सोसायटी की 43वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या करने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन की मौत के पीछे के हैरान करने वाले और दर्दनाक कारण सामने आए हैं। गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर के रहने वाले संभव जैन अपनी निजी जिंदगी, पारिवारिक कलह और गंभीर आर्थिक संकट से बुरी तरह घिरे हुए थे। इन्हीं असहनीय परिस्थितियों से तंग आकर उन्होंने अपनी जीवनलीला समाप्त करने का यह खौफनाक कदम उठाया। वे गुरुग्राम से एयरबीएनबी (AirBnb) के जरिए कमरा बुक करके नोएडा आए थे और सुपरनोवा बिल्डिंग के 43वें फ्लोर पर रुके थे। होटल से चेक-आउट करने से महज कुछ ही देर पहले उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।
अपरिकोव बच्चे का इलाज और 3 करोड़ की एलिमनी का दबाव
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम के रहने वाले संभव जैन एक प्रतिष्ठित आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। उनकी शादी साल 2023 में हुई थी, लेकिन यह शादी उनके जीवन में खुशियों की जगह गहरी परेशानियां ले आई। शादी के बाद उनकी पत्नी ने एक बेटे को जन्म दिया, जो कि अपरिपक्व (Premature) था। बच्चे और पत्नी के इलाज में संभव के लगभग 35 लाख रुपये खर्च हो चुके थे।
इस भारी-भरकम खर्च के बाद उनके अपनी पत्नी के साथ संबंध लगातार बिगड़ते चले गए और देखते ही देखते यह विवाद तलाक के मुकाम तक जा पहुंचा।
तलाक के इस कानूनी मामले में कोर्ट और समझौते के तहत संभव को अपनी पत्नी को कुल 3 करोड़ रुपये की एलिमनी (भरण-पोषण राशि) चुकानी थी। वह इसमें से 1 करोड़ रुपये की पहली किश्त पहले ही दे चुके थे, लेकिन अब दूसरी किश्त चुकाने का वक्त नजदीक आ गया था, जिसे देने के लिए उनके पास पैसे नहीं थे। इसी आर्थिक तंगी और भारी मानसिक दबाव के चलते संभव गहरे डिप्रेशन में चले गए थे।
पिता को भेजा अंतिम व्हाट्सएप मैसेज
आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुके संभव जैन के पास तलाक की दूसरी किश्त चुकाने का कोई रास्ता नहीं बचा था। मरने से ठीक पहले उन्होंने अपने पिता को एक व्हाट्सएप मैसेज भेजा, जिसमें उन्होंने बेहद दर्दनाक बात लिखी— ‘पापा अब आपको किसी के पैसे नहीं देने पड़ेंगे।’ इस संदेश के कुछ ही देर बाद उन्होंने इमारत की 43वीं मंजिल से छलांग लगा दी।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर से समाज में पुरुषों के मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक विवादों और एलिमनी जैसे मामलों से जुड़े सामाजिक व कानूनी पहलुओं पर एक गंभीर बहस छेड़ दी है। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच कर रही है।
