आगरा। फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, मशीनरी, तकनीक और औद्योगिक सहयोग को समर्पित 18वें ‘मीट एट आगरा’ का शनिवार को आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय फेयर का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने घंटा एवं संख ध्वनि के साथ किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मनोज कुमार सिंह ने कहा कि आगरा का लेदर एवं फुटवियर उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था, निर्यात और रोजगार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बदलते वैश्विक कारोबारी परिदृश्य में उद्योग को नई तकनीक, गुणवत्ता, डिजाइन, उत्पादकता और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देते हुए अपनी वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत करना होगा।
उन्होंने बताया कि लेदर सेक्टर से जुड़े विषयों और चुनौतियों के समाधान के लिए उनके नेतृत्व में एक समिति का गठन किया गया है। लेदर एवं फुटवियर निर्यातक और उद्यमी अपने सुझाव, नीतिगत विषय एवं व्यावहारिक समस्याएं समिति के समक्ष रख सकते हैं। संबंधित विभागों के समन्वय से इनका प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने उद्यमियों से समस्याओं के साथ उनके व्यावहारिक समाधान और सुझाव भी सामने रखने का आह्वान किया, जिससे प्रदेश में उत्पादन, निवेश, निर्यात और रोजगार को गति मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार और उद्योग के बीच निरंतर संवाद से ही सेक्टर की चुनौतियों का प्रभावी समाधान संभव है। उत्तर प्रदेश अब ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ से आगे ‘स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस’ की दिशा में बढ़ रहा है।
नई तकनीक को उद्योग तक पहुंचाना हमारा उद्देश्य : गोपाल गुप्ता
एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने मुख्य अतिथि सहित देश-विदेश से आए एग्जिबिटर्स, प्रतिनिधियों और उद्यमियों का स्वागत करते हुए कहा कि 18 वर्षों की यात्रा में ‘मीट एट आगरा’ एक प्रदर्शनी से आगे बढ़कर फुटवियर उद्योग के लिए तकनीक, व्यापार और नए अवसरों का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य आगरा के फुटवियर उद्योग को दुनिया की आधुनिक तकनीक, नए मटीरियल्स और मशीनरी से जोड़ना है, ताकि निर्माता गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाकर वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए और मजबूत हो सकें। फेयर की वास्तविक सफलता तभी है, जब यहां प्रदर्शित तकनीक और नए विचार फैक्ट्रियों तक पहुंचकर उत्पादन, व्यापार और रोजगार में परिवर्तित हों।
‘वर्ल्ड कैपिटल ऑफ फुटवियर’ बनने की क्षमता रखता है आगरा : पूरन डावर
डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री (डीसीएफएलआई) के चेयरमैन एवं एफमेक कन्वीनर पूरन डावर ने कहा कि “विकसित भारत का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है और इसमें आगरा के उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।”
उन्होंने कहा कि आगरा के पास पीढ़ियों का हुनर, मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम, उद्यमशीलता और बाजार से जुड़ाव है। सही तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा और नीतिगत सहयोग से आगरा सही मायने में ‘वर्ल्ड कैपिटल ऑफ फुटवियर’ बन सकता है।
डावर ने कहा कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा फुटवियर उत्पादक है और करीब तीन अरब जोड़ी के वार्षिक उत्पादन के साथ घरेलू बाजार एवं निर्यात दोनों में अपार संभावनाएं हैं। निर्यात और घरेलू बाजार के लिए गुणवत्ता के अलग-अलग मानक नहीं हो सकते, बल्कि ‘बेस्ट ग्लोबल स्टैंडर्ड’ ही उद्योग का एकमात्र मानक होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते नए वैश्विक बाजार खोल रहे हैं, लेकिन इनका लाभ उठाने के लिए उद्योग को स्केल, टेक्नोलॉजी, डिजाइन, उत्पादकता, स्थिरता और अनुपालन के स्तर पर तैयार होना होगा। निवेश और निर्यात के साथ रोजगार को विकास का प्रमुख पैमाना बताते हुए उन्होंने कहा कि फुटवियर उद्योग युवाओं, महिलाओं और कारीगरों को बड़े पैमाने पर रोजगार देने की क्षमता रखता है।
डावर ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ को ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट-वन एजुकेशन’ की दिशा में आगे बढ़ाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योग को कक्षाओं से और विद्यार्थियों को फैक्ट्रियों से जोड़ने की जरूरत है। फुटवियर शिक्षा की शुरुआत आगरा से होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ‘मीट एट आगरा’ अब केवल ट्रेड फेयर नहीं, बल्कि तकनीक, ज्ञान, वैश्विक साझेदारी, संयुक्त उद्यम और भविष्य की मैन्युफैक्चरिंग का मंच है।
भारत-चीन सहित 11 देशों की सहभागिता
18वें ‘मीट एट आगरा’ ने इस वर्ष अपनी अंतरराष्ट्रीय पहचान को और विस्तार दिया है। इस बार चाइना पवेलियन फेयर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। आयोजन में भारत, अर्जेंटीना, फ्रांस, ब्राजील, चीन, जर्मनी, इटली, पुर्तगाल, स्पेन, ताइवान और वियतनाम सहित कुल 11 देशों के प्रतिनिधियों की सहभागिता है।
विदेशी एग्जिबिटर्स और प्रतिनिधियों की मौजूदगी से फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, मशीनरी और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में वैश्विक कारोबारी संपर्क, तकनीकी आदान-प्रदान और नई व्यावसायिक साझेदारियों को मजबूती मिल रही है।
उत्कृष्टता के लिए उद्यमियों का सम्मान
उद्घाटन समारोह में फुटवियर एवं कंपोनेंट्स उद्योग में उल्लेखनीय योगदान के लिए एफमेक उत्कृष्टता सम्मान प्रदान किए गए। फुटवियर क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ महिला उद्यमी सम्मान मीनाक्षी कालसी (मेट्रो एंड मेट्रो) और युवा उद्यमी सम्मान तान्या निर्झरा (वीरुपाक्षी शूज) को प्रदान किया गया।
कंपोनेंट्स क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ महिला उद्यमी सम्मान श्वेता आर्या (सोलफुल सोल) तथा सर्वश्रेष्ठ पुरुष उद्यमी सम्मान उज्ज्वल सचदेवा (अलर्ट सोल्स) को मिला। निर्यात उत्कृष्टता सम्मान गुप्ता एच.सी. ओवरसीज (आई) प्रा. लि., मेट्रो एंड मेट्रो तथा लाइनर शूज प्रा. लि. को प्रदान किए गए। फुटवियर उद्योग में दीर्घकालीन उल्लेखनीय योगदान के लिए वीरेंद्र कुमार महाजन (वेस्टन रबर) को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से सम्मानित किया गया।
ये रहे विशेष रूप से उपस्थित
उद्घाटन समारोह में एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा, उपाध्यक्ष राजीव वासन व राजेश सहगल, फेयर कमेटी चेयरमैन माला खेड़ा, एफडीडीआई के एमडी विवेक शर्मा, इफ्कोमा अध्यक्ष संजय गुप्ता, एफमेक कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, सीफी के प्रदेश अध्यक्ष ओपिंदर सिंह ‘लवली’, शू फैक्टर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा, प्रदेश महासचिव नकुल मनचंदा, टोनी मखीजा, ललित अरोरा, सुनील मनचंदा और जसविंदर सिंह खेड़ा सहित उद्योग जगत के अनेक प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस (फियो) के उत्तर प्रदेश प्रमुख आलोक श्रीवास्तव ने किया। एफमेक महासचिव प्रदीप वासन ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
पहले दिन 4,211 विजिटर्स पहुंचे
फेयर के पहले दिन उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। कुल 4,211 विजिटर्स ने फेयर का भ्रमण किया। इनमें 1,938 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स तथा उद्योग और तकनीक को समझने पहुंचे 437 विद्यार्थी एवं भावी उद्यमी शामिल रहे।
तीन दिवसीय 18वां ‘मीट एट आगरा’ 5 अक्टूबर तक आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।
