आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में हैं। अस्पताल के वार्ड में एक बाहरी व्यक्ति द्वारा मरीजों से 300 रुपये लेकर ईसीजी (ECG) करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। जबकि एसएन मेडिकल कॉलेज में ईसीजी की आधिकारिक सुविधा मात्र 68 रुपये में उपलब्ध है।
300 रुपये लेकर की जा रही थी ईसीजी
सोशल मीडिया पर वायरल हुए 30 सेकेंड के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक बाहरी व्यक्ति अस्पताल के वार्ड के अंदर मरीजों की ईसीजी कर रहा है। वीडियो बनाने वाले तीमारदार ने आरोप लगाया है कि यह व्यक्ति मरीजों से 300-300 रुपये नकद वसूल रहा है और बदले में कोई रसीद या स्लिप भी नहीं दे रहा है।
पीड़ित के मुताबिक, वार्ड में भर्ती करीब 10 मरीजों से इसी तरह से धन उगाही की गई। वीडियो में जब युवक ने उक्त व्यक्ति से उसका नाम और सरकारी अस्पताल में बिना रसीद पैसे लेने का कारण पूछा, तो उसने अपना नाम तक नहीं बताया।
प्राचार्य ने गठित की जांच कमेटी
इस मामले के वायरल होने के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज प्रशासन में खलबली मच गई। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लिया और सीएमएस डॉ. जीवी सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन कर दिया है।
बाहर से सामान मंगाने का भी आरोप
यह पहला मामला नहीं है जब एसएन मेडिकल कॉलेज सुर्खियों में है। इससे पहले भी तीमारदारों द्वारा जांच और सर्जिकल सामान बाजार से मंगाए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। अब वार्ड के अंदर घुसकर इस तरह की ‘प्राइवेट वसूली’ ने अस्पताल की सुरक्षा और व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। प्रशासन का कहना है कि जांच कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


