आगरा में निवेश की उम्मीदें: जल्द जापान का प्रतिनिधिमंडल करेगा दौरा, नेशनल चैम्बर ने तेज की तैयारियां

Business

आगरा। नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स ने शहर के औद्योगिक विकास, निवेश और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए हैं। चैम्बर ने नगर आयुक्त से अंबेडकर पुल से यमुना किनारे की ओर उतरते समय स्थित चौक का नाम ‘नेशनल चैम्बर चौक’ रखने की मांग की है। वहीं जिला उद्योग प्रोत्साहन केंद्र ने होटलों की एनओसी, टीटीजेड क्षेत्र में उद्योगों की समस्याओं, जापानी निवेशकों के दौरे और उद्यमियों के साथ सीधे संवाद की व्यवस्था को लेकर कई अहम घोषणाएं की हैं।

चैम्बर सभागार में आयोजित बैठक के दौरान चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को संबोधित पत्र सौंपते हुए अंबेडकर पुल से उतरते समय स्थित चौक का नाम ‘नेशनल चैम्बर चौक’ रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि चौक का नाम चैम्बर के नाम पर किया जाता है तो उसके सौंदर्यीकरण की पूरी जिम्मेदारी नेशनल चैम्बर स्वयं उठाएगा और इसे आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।

बैठक में जिला उद्योग प्रोत्साहन केंद्र की प्रतिनिधि अपूर्वा गुप्ता ने उद्यमियों को जानकारी दी कि होटलों से संबंधित किसी भी प्रकार की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की आवश्यकता होने पर जिला उद्योग प्रोत्साहन केंद्र से संपर्क करने पर त्वरित कार्रवाई कर एनओसी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) में उद्योगों के सामने आ रही समस्याओं को लेकर 208 औद्योगिक इकाइयों की सूची तैयार कर अग्रिम स्तर पर कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजी जा चुकी है। इन समस्याओं पर शीघ्र ही उच्चाधिकारियों की बैठक आयोजित होगी, जिसकी तिथि जल्द ही नेशनल चैम्बर को उपलब्ध करा दी जाएगी।

अपूर्वा गुप्ता ने यह भी बताया कि उद्योगों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जल्द ही उपायुक्त उद्योग की अध्यक्षता में नेशनल चैम्बर, आगरा की प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक संस्थाओं तथा प्रमुख उद्यमियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। इस माध्यम से उद्यमियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

बैठक में चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि आगरा में निवेश की संभावनाओं का अध्ययन करने के लिए जल्द ही जापान का एक प्रतिनिधिमंडल शहर का दौरा करेगा। इस दौरान नेशनल चैम्बर प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर आगरा में औद्योगिक निवेश, व्यापारिक सहयोग और नए अवसरों पर विस्तृत चर्चा करेगा।

बैठक में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, शलभ शर्मा, सदस्य दिनेश कुमार जैन तथा राजेन्द्र कुमार अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।