Agra News: करोड़ों की ठगी के आरोपी सत्य प्रकाश तित्तल को नहीं मिली राहत, जिला जज ने खारिज की जमानत, जेल में ही कटेगी रातें

Crime

आगरा: निवेश के नाम पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले ‘एसबीएनएल वर्ल्ड गैंग’ के सरगना सत्य प्रकाश तित्तल को बड़ा झटका लगा है। जिला जज की अदालत ने बुधवार को उसकी जमानत याचिका को सिरे से खारिज कर दिया। इससे पहले विशेष सीजेएम कोर्ट भी उसकी जमानत अर्जी ठुकरा चुकी थी। अब आरोपी को फिलहाल जेल की सलाखों के पीछे ही रहना होगा।

इससे पहले विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत भी उसकी जमानत याचिका खारिज कर चुकी थी। निचली अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद आरोपी ने जिला जज की अदालत में अपील की थी, लेकिन वहां भी उसे निराशा हाथ लगी।

मामले की शुरुआत तब हुई जब आरके पुरम ताजनगरी निवासी मनीष शर्मा सहित सात पीड़ितों ने डीसीपी सिटी से शिकायत कर आरोप लगाया कि कमला नगर एफ ब्लॉक निवासी सत्य प्रकाश तित्तल, उसकी पत्नी वर्षा तित्तल, भतीजे विक्रांत तित्तल, विशाल तित्तल, युवराज सिंह, सपना सिंह, राहुल सोनी और कुसुमलता सोनी ने सुनियोजित साजिश के तहत उनसे 2 करोड़ 26 लाख रुपये की ठगी की।

पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने निवेश पर तय अवधि में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया और खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताते हुए लोगों का विश्वास जीता। इसी भरोसे में आकर कई लोगों ने बड़ी रकम निवेश कर दी।

जांच के दौरान पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि सत्य प्रकाश तित्तल अपने प्रभाव का दिखावा करने के लिए ‘मजिस्ट्रेट’ लिखी गाड़ी में चलता था। उसकी ऐसी गाड़ी की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। आरोप है कि वह खुद को बड़े अधिकारियों के करीबी होने का दावा करता था, जिससे लोग उसके झांसे में आसानी से आ जाते थे।

पुलिस को मिली शिकायतों के अनुसार, इस गैंग ने एक वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी से भी करीब 9 करोड़ रुपये की कथित ठगी की है। बताया जा रहा है कि पीड़िता न्याय के लिए पुलिस के चक्कर काट रही हैं। वहीं, यह भी चर्चा है कि कुछ आईपीएस अधिकारियों के भी इस गैंग में पैसे फंसे हैं, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

सत्य प्रकाश तित्तल और उसके सहयोगियों के खिलाफ 4 जून को हरीपर्वत थाने में भी धोखाधड़ी का एक अन्य मुकदमा दर्ज किया गया था। गोविंदपुरी, कमला नगर निवासी संजय दिवाकर ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने प्लॉट दिलाने का झांसा देकर उनसे 48 लाख रुपये की ठगी की। इस मुकदमे में सत्य प्रकाश तित्तल, विक्रांत तित्तल, विशाल तित्तल, युवराज सिंह और राहुल कुमार को नामजद किया गया है।

कमला नगर पुलिस ने सत्य प्रकाश तित्तल को टूंडला से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने तबीयत खराब होने की बात कही, लेकिन मेडिकल जांच में उसकी सभी रिपोर्ट सामान्य मिलीं। इसके बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपने साथ कई बाउंसर रखता था और बेहद आलीशान जीवनशैली जीता था। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनकी मेहनत की कमाई से आरोपी ऐशो-आराम की जिंदगी बिता रहा है।

फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस कथित निवेश घोटाले में कुल कितने लोगों से कितनी राशि की ठगी की गई है।