नई दिल्ली: नंदीग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट क्लस एसी कूपे में ‘सुहागरात’ वाले डेकोरेशन पर एक्शन हो गया है। इस मामले में रेलवे ने संबंधित कर्मचारी (टिकट चेकर) को सस्पेंड कर दिया है। रेल मंत्रालय ने साफ तौर पर कहा है कि 6 जुलाई को ट्रेन नंबर 11002 (नंदीग्राम एक्सप्रेस) में यात्रा कर रहे जोड़े ने अपने फर्स्ट एसी कूपे को सजाने के लिए ऑनलाइन डेकोरेटर को निजी तौर पर हायर किया था। कोच में डेकोरेटर का प्रवेश अनधिकृत था। इसे एक गंभीर चूक माना जा रहा है।
मंत्रालय की ओर से बताया गया कि संबंधित कर्मचारी (टिकट चेकर) को निलंबित किया गया है। साथ ही विस्तृत विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
ट्रेन में सफर कर रहे एक नवविवाहित जोड़े ने अपने सफर को यादगार बनाने के लिए एक प्राइवेट डेकोरेटर को काम पर रखा।
जब ट्रेन महाराष्ट्र के जालना स्टेशन पर खड़ी थी तब डेकोरेटर्स ने बिना किसी आधिकारिक अनुमति के ट्रेन के अंदर घुसकर पूरे कूपे (केबिन) को सजा दिया। इसे बिल्कुल सुहागरात के कमरे या हनीमून सुइट की तरह सजाया गया। यही नहीं, दीवार पर ‘I Love You’ भी लिखा गया।
वीडियो हुआ वायरल
इस सजे हुए केबिन का वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही छा गया। कुछ लोग इसे बेहद रोमांटिक और अनोखा आइडिया बताने लगे तो कई लोगों ने सुरक्षा और रेलवे नियमों को लेकर सवाल उठाए। गुब्बारों और बिजली की लड़ियों से ट्रेन में आग लगने का खतरा हो सकता है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि विभागीय जांच के नतीजों के आधार पर दोषियों के खिलाफ आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


