आगरा में सट्टा सिंडीकेट का बड़ा भंडाफोड़: रकाबगंज-सदर बाजार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 6 बुकी गिरफ्तार, 9 लाख से अधिक नकद बरामद

Crime

आगरा: शहर में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रकाबगंज और सदर बाजार पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। संयुक्त पुलिस टीम ने ईदगाह के कुतलुपुर इलाके में एक संगठित सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मौके से 6 सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लाखों रुपये की नकदी और सट्टे का बड़ा नेटवर्क बरामद हुआ है।

ऑपरेशन कुतलुपुर: ऐसे धराए सटोरिये

मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर इस ठिकाने पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दीपक, योगेश, दीपक, मनीष, जाकिर और वकील नामक आरोपियों को हिरासत में लिया। ये सभी आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों से संबंध रखते हैं और मिलकर एक व्यवस्थित सट्टा नेटवर्क चला रहे थे।

​बरामदगी और नेटवर्क की पड़ताल

पुलिस की छापेमारी में बड़े पैमाने पर अवैध सामग्री जब्त की गई है जिसमे 9,17,042 रुपये नकद, 286 सट्टा पर्चियां और 16 डायरियां (जिनमें हिसाब-किताब दर्ज है), 4 मोबाइल फोन सहित अन्य दस्तावेज शामिल हैं।

​जांच अधिकारियों का कहना है कि बरामद की गई डायरियों और मोबाइल फोन को खंगाला जा रहा है। इससे गिरोह के अन्य सहयोगियों और वित्तीय लेनदेन के बड़े नेटवर्क का पता चलने की पूरी संभावना है।

पुलिस की कार्रवाई

आरोपियों के खिलाफ रकाबगंज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस कार्रवाई से शहर में सट्टे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि आगरा में किसी भी प्रकार का अवैध जुआ या सट्टा कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी धर-पकड़ जारी रहेगी।