मुरादाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मुरादाबाद प्रशासन ने एक नई और प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। कलेक्ट्रेट सभागार में एक बैठक के दौरान जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया, सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी और एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव सहित जिले के आला अधिकारियों को कुर्सियों पर बैठे हुए ‘वाई-ब्रेक’ (Y-Break) करते देखा गया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया है।
क्या है ‘वाई-ब्रेक’ (Y-Break)?
आयुष मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया ‘वाई-ब्रेक’ कार्यस्थल पर किए जाने वाला 5 मिनट का योगाभ्यास है। इसका उद्देश्य काम के तनाव को कम करना और एकाग्रता को बढ़ाना है। अधिकारियों ने इसे अपनी डेस्क पर ही करके यह संदेश दिया है कि व्यस्तता के बीच भी स्वास्थ्य के लिए समय निकालना संभव है।
15 से 21 जून तक योग सप्ताह की धूम
जिले में 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि इसका शुभारंभ 15 जून को रामगंगा किनारे स्थित बलदेव नेचुरोपैथी केंद्र से होगा, जबकि 21 जून को मुख्य कार्यक्रम कंपनी बाग में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) रखी गई है।
प्लास्टिक मुक्त होगा आयोजन
जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पूरे योग सप्ताह के दौरान प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, आमजन को प्लास्टिक के हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक करने का अभियान भी चलाया जाएगा।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी अमरदीप सिंह नायक के अनुसार, इस बार योग दिवस पर एक बड़ा लक्ष्य रखा गया है। भारत सरकार के एक विशेष अभियान के तहत, 14 जून को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे के बीच योग करने वाले नागरिक एक टोल-फ्री नंबर 18003157008 पर मिस्ड कॉल कर अपना ऑनलाइन योग सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकते हैं। जिला प्रशासन का लक्ष्य इस अभियान के जरिए विश्व रिकॉर्ड बनाकर मुरादाबाद का नाम दर्ज कराना है।


