आगरा। अशोक कॉसमॉस मॉल स्थित होटल ‘फेयरफील्ड बाय मैरियट’ की तीसरी वर्षगांठ इस बार बेहद खास रही। होटल प्रबंधन ने इसे केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनाओं और प्रेरणा के संगम के रूप में मनाया। यह पूरा आयोजन मूक-बधिर बच्चों के नाम समर्पित रहा, जिनकी कला और आत्मविश्वास ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतिभा किसी सीमा की मोहताज नहीं: डॉ. रंजना बंसल
समारोह का दीप प्रज्ज्वलन होटल की डायरेक्टर डॉ. रंजना बंसल, ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की विजेता हिमानी बुंदेला और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने किया। बच्चों को संबोधित करते हुए डॉ. रंजना बंसल ने कहा, “आज हमारे समारोह की सबसे बड़ी ऑडियंस ये बच्चे हैं। आप अलग नहीं, बल्कि सबसे बेहतर हैं। हमारा होटल परिवार भविष्य में भी ऐसे बच्चों को मंच और सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
हिमानी बुंदेला ने भरा जोश
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पहुँचीं हिमानी बुंदेला ने अपने प्रेरक शब्दों से बच्चों और अभिभावकों में ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सीखने का हर अवसर महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपनी पंक्तियों के जरिए बच्चों का हौसला बढ़ाया:
”डरने वालों को कुछ नहीं मिलता जिंदगी में,
लड़ने वालों के कदमों में सारा जहां होता है।”
भावुक क्षण: दिव्यांग रंजीत को मिली व्हीलचेयर
समारोह का सबसे भावुक पल तब आया जब ब्रेन हेमरेज के कारण दिव्यांग हुए रंजीत को अशोक ग्रुप की ओर से व्हीलचेयर भेंट की गई। इस मानवीय पहल ने आयोजन में मौजूद हर व्यक्ति की आँखों को नम कर दिया।
बच्चों की अद्भुत प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मूक-बधिर बच्चों, विशेषकर यशी, भूमि और विनायक ने बिना संगीत सुने सांस्कृतिक और देशभक्ति गीतों पर ऐसा नृत्य प्रस्तुत किया कि दर्शक दंग रह गए। उन्होंने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी शारीरिक अक्षमता की मोहताज नहीं होती। चुन्नीलाल जूनियर सेकेंडरी हायर स्कूल के बच्चों की प्रस्तुतियाँ भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों और बच्चों द्वारा सामूहिक रूप से ‘हम होंगे कामयाब…’ गीत गाकर किया गया, जिसने पूरे वातावरण को सकारात्मकता और संकल्प से भर दिया। एचआर मैनेजर अभय श्रीवास्तव ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।


