आगरा: भीषण गर्मी और ‘लू’ (हीटवेव) के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जनपदवासियों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से सुरक्षा के दृष्टिगत विशेष सावधानी बरतने की अपील की है ताकि बढ़ते तापमान के बीच किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी, लू, आकाशीय बिजली एवं नदी में डूबने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सभी नागरिक सावधानी बरतें, ताकि किसी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे डिहाइड्रेशन, लू लगने एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। लगातार पानी पीते रहें, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें तथा बाहर निकलते समय सिर को गमछा, टोपी अथवा कपड़े से ढककर रखें। यात्रा के दौरान पानी साथ रखें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।
उन्होंने बताया कि लू लगने पर शरीर का तापमान अचानक बढ़ जाना, तेज सिरदर्द, त्वचा का लाल एवं शुष्क हो जाना, उल्टी होना तथा बेहोशी जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। ऐसी स्थिति में प्रभावित व्यक्ति को तुरंत छायादार स्थान पर ले जाएं, शरीर पर पानी का छिड़काव करें, पंखा या कपड़े से हवा करें तथा यदि व्यक्ति होश में हो तो उसे ठंडा पानी पिलाएं। गंभीर स्थिति होने पर तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा की सहायता लेकर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं।
जिलाधिकारी ने मजदूरों एवं श्रमिकों से भी अपील की है कि अधिक गर्मी में लगातार कार्य न करें तथा बीच-बीच में विश्राम अवश्य करें। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं पालतू जानवरों को धूप में एवं खड़े वाहनों में न छोड़ें, क्योंकि इससे शरीर का तापमान तेजी से बढ़ सकता है।
जिलाधिकारी ने सभी तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आकाशीय बिजली अथवा प्राकृतिक आपदा से जनहानि, पशुहानि या मकान क्षति की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचें तथा शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि राहत वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी कराई जाए।
उन्होंने नदियों में बढ़ती डूबने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से गहरे पानी में न जाने की अपील की।जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा किसी भी आपात स्थिति में आमजन की सहायता के लिए तत्पर रहेगा।
जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि प्रशासन द्वारा जारी सावधानियों का पालन करें तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, ताकि भीषण लू ,गर्मी एवं प्राकृतिक आपदाओं से जनहानि को रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी इन दिशा-निर्देशों का पालन करने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की है।


