Agra News: निजी अस्पताल के मैनेजर पर महिला डॉक्टर को अश्लील संदेश भेजने का आरोप, साइबर थाने में मुकदमा दर्ज

Crime

आगरा। सिकंदरा क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत महिला डॉक्टर ने अस्पताल के मैनेजर जसवंत जॉनसन पर गंभीर आरोप लगाते हुए साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला डॉक्टर का आरोप है कि अस्पताल मैनेजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए उन्हें लगातार अश्लील संदेश और आपत्तिजनक रील भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

प्रबंधन से शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

पीड़िता के अनुसार, शुरुआत में उसने इन संदेशों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब मैसेज और रील लगातार आने लगे तो उसने मामले की शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की। महिला डॉक्टर ने अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मैनेजर जसवंत जॉनसन की हरकतों से महिला डॉक्टर को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। अस्पताल प्रशासन से संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर मामला साइबर थाने तक पहुंच गया।

साइबर सेल ने शुरू की जांच

महिला डॉक्टर की शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने 9 जुलाई को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अब सोशल मीडिया चैट, इंस्टाग्राम संदेशों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चिकित्सा जगत में चर्चा, पुलिस ने दी चेतावनी

यह मामला सामने आने के बाद अस्पताल परिसर और चिकित्सा जगत में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। साइबर अपराध से जुड़े मामलों में पुलिस लगातार लोगों से सोशल मीडिया के इस्तेमाल के दौरान सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की अपील कर रही है।