आगरा: मध्य प्रदेश के रीवा में आर्यिका श्री श्रुतमति माताजी और आर्यिका श्री उपशममति माताजी के साथ घटी जघन्य घटना ने देशभर के जैन समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज की गौरवशाली परंपरा से जुड़ी साध्वियों पर हुए जानलेवा कार हमले और उनके दुखद समाधि मरण से उपजा आक्रोश अब आंदोलन का रूप ले चुका है। इसी कड़ी में आगरा के जैन समाज ने एकजुट होकर संतों की सुरक्षा और न्याय के लिए हुंकार भरी है।
श्रद्धांजलि और मौन जुलूस में उमड़ा जनसैलाब
रविवार की शाम ट्रांसयमुना कॉलोनी स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में आचार्यश्री निर्भय सागर जी महाराज एवं निर्यापक मुनिश्री शिवदत्त सागर जी महाराज के सानिध्य में एक भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान वातावरण में गहरा शोक और संतों के प्रति अटूट निष्ठा दिखाई दी।
सभा के पश्चात, बड़ी संख्या में उपस्थित समाजबंधुओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर मौन जुलूस निकाला। श्रद्धालुओं की आँखों में संतों के प्रति प्रेम और इस अमानवीय घटना के विरुद्ध गहरा रोष साफ झलक रहा था।
संत सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरेगा समाज
इस जघन्य घटना को न केवल जैन समाज, बल्कि पूरे राष्ट्र की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न मानते हुए, आगरा के जैन समाज ने सोमवार को एक विशाल ‘संत सुरक्षा न्याय रैली’ का आह्वान किया है। सुबह 6 बजे ट्रांसयमुना कॉलोनी से शुरू होकर यह रैली वाटरवर्क्स तक जाएगी। प्रदर्शनकारियों के लिए एक विशेष ड्रेस कोड रखा गया है पुरुष सफेद वस्त्रों में और महिलाएं केसरिया साड़ियों में अपनी एकजुटता प्रदर्शित करेंगी।
कलेक्ट्रेट में सौंपा जाएगा ज्ञापन
रैली का मुख्य उद्देश्य प्रशासन तक अपनी आवाज पहुँचाना है। प्रातः 10:30 बजे बड़ी संख्या में समाजबंधु कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे और सरकार को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई और भविष्य में संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस नीति बनाने की मांग करेंगे.
समाजसेवी मनोज जैन बाकलीवाल के अनुसार, यह केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं है, बल्कि संत परंपरा के सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए छेड़ा गया एक जनांदोलन है।
आंदोलन का सिलसिला जारी
इस विरोध के क्रम में सोमवार शाम को कमला नगर में आयोजित जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम के दौरान भी एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। सकल जैन समाज, ट्रांसयमुना एवं ग्रेटर कमला नगर इकाई ने सभी धर्मप्रेमियों से इस मुहिम में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है ताकि न्याय की इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक पहुँचाया जा सके।


