इस्कॉन आगरा में भक्ति का अद्भुत समागम: श्रीकृष्ण लीला और नवयोगेन्द्र संवाद से गूंजा समाधि पार्क, हरिनाम संकीर्तन में झूमे भक्त

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा। शहर के समाधि पार्क में इस्कॉन आगरा एवं राधा सखी ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव में इन दिनों भक्ति की गंगा बह रही है। महोत्सव के दौरान श्रीकृष्ण लीला, यादव वंश के संहार और अत्यंत ज्ञानवर्धक ‘नवयोगेन्द्र संवाद’ प्रसंगों का श्रवण कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। आयोजन स्थल ‘हरे कृष्ण’ महामंत्र की गूंज से पूरी तरह गुंजायमान रहा।

​लीलाओं के माध्यम से धर्म और वैराग्य का संदेश

कथा व्यास सार्वभौम प्रभु ने अपने ओजस्वी प्रवचनों में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की प्रत्येक लीला मानव को धर्म, प्रेम और वैराग्य का मार्ग दिखाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रीकृष्ण का जीवन मात्र चमत्कारों का संग्रह नहीं, बल्कि कलियुग में आत्मकल्याण का सबसे सरल साधन ‘हरिनाम संकीर्तन’ और ईश्वर का निरंतर स्मरण है।

सत्ता का अहंकार और विनाश का पाठ

‘यादव वंश संहार’ प्रसंग पर चर्चा करते हुए कथा व्यास ने कहा कि यह घटना संसार को एक बड़ा संदेश देती है कि वैभव, शक्ति और सामर्थ्य कभी स्थायी नहीं होते। अहंकार और मर्यादा का उल्लंघन किसी भी साम्राज्य को पतन की ओर ले जाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को विनम्रता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

​नवयोगेन्द्र संवाद: आत्मज्ञान की कुंजी

महोत्सव के विशेष आकर्षण के रूप में ‘नवयोगेन्द्र संवाद’ का वर्णन किया गया, जिसमें नौ योगेश्वरों द्वारा राजा निमि को दिए गए भक्ति, वैराग्य और आत्मज्ञान के उपदेशों को साझा किया गया। प्रभु ने समझाया कि जब तक जीव स्वयं को केवल शरीर मानता है, तब तक वह मोह और दुखों के चक्र में फँसा रहता है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से नियमित रूप से हरे कृष्ण महामंत्र का जप करने का आह्वान किया।

भक्तिमय समापन: फूलों की होली

कथा के पश्चात भव्य आरती हुई और इसके बाद फूलों की होली के साथ सामूहिक संकीर्तन ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। भक्त घंटों तक भक्ति भाव में झूमते रहे। राधा सखी ग्रुप की संस्थापिका अशु मित्तल ने बताया कि इस कथा महोत्सव का मुख्य उद्देश्य भागवत के गूढ़ प्रसंगों को सरल एवं सहज भाषा में जन-जन तक पहुँचाना था।

अरविंद स्वरूप प्रभु ने जानकारी दी कि रविवार सुबह नरसिंह हवन एवं प्रसादी वितरण के साथ कथा का विश्राम होगा।

कार्यक्रम में अदिति गौरंगी, मोनिका अग्रवाल, रीता खन्ना, संजीव मित्तल, डॉ. अपर्णा पोद्दार, शिखा सिंघल सहित शहर के कई प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।