आगरा में भरोसे का कत्ल: करीबी रिश्तेदार ने डुप्लीकेट चाबी से उड़ाए लाखों के जेवर, IIFL में गिरवी रख गोल्ड लोन लेकर भागने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने दबोचा

Crime

आगरा: ताजनगरी आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में रिश्तों और भरोसे को पूरी तरह शर्मसार करने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक बेहद करीबी रिश्तेदार ने परिवार के अटूट विश्वास की पीठ में छुरा घोंपते हुए महीनों तक घर के भीतर ही ‘दीमक’ की तरह चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शातिर आरोपी ने अलमारी की डुप्लीकेट चाबियां बनवाकर धीरे-धीरे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी। ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को चोरी के माल समेत धर दबोचा है।

चालाकी: असली चाबी गायब कर बनवाईं 3 डुप्लीकेट चाबियां

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान मोनू गौतम के रूप में हुई है, जो पीड़ित परिवार का बहुत नजदीकी रिश्तेदार है। घर में उसका बेरोक-टोक आना-जाना था और परिवार के सदस्य उस पर आंख मूंदकर भरोसा करते थे। परिवार वाले जब भी कभी बाहर जाते, तो इसकी पूरी जानकारी मोनू को होती थी।

​इसी अति-विश्वास का फायदा उठाकर मोनू ने एक सोची-समझी साजिश रची। कुछ समय पहले उसने घर की अलमारी की असली चाबी चुपके से गायब कर दी। इसके बाद उसने बाजार से अलमारी की तीन डुप्लीकेट (फर्जी) चाबियां तैयार करवा लीं। जब भी परिवार के लोग घर बंद करके या किसी काम से बाहर जाते, मोनू डुप्लीकेट चाबी से अलमारी खोलता और एक साथ सारा माल चुराने के बजाय थोड़े-थोड़े गहने और नकदी निकालता था, ताकि गृहस्वामियों को तुरंत चोरी का आभास न हो।

IIFL फाइनेंस से गोल्ड लोन लेकर शहर से रफूचक्कर होने का था प्लान

​महीनों तक चले इस शातिर खेल के बाद जब अलमारी से आभूषणों की संख्या काफी कम हो गई, तब जाकर पीड़ित परिवार को दाल में कुछ काला नजर आया। जेवर गायब होने पर जब परिवार का माथा ठनका, तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना ट्रांस यमुना थाना पुलिस को दी।

​पुलिस ने शक के आधार पर सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और आखिरकार रविवार को उसे 80 फीटा रोड से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी मोनू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह चोरी के जेवरों को ठिकाने लगाकर और उन पर गोल्ड लोन (Gold Loan) लेकर शहर से हमेशा के लिए फरार होने की तैयारी में था।

पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आईआईएफएल (IIFL) फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखी गई चोरी की सोने की चेन और अंगूठी सहित भारी मात्रा में अन्य आभूषण और नकद बरामद कर लिए हैं।

​महीनों पुरानी मिस्ट्री सॉल्व, पुलिस खंगाल रही आपराधिक इतिहास

​ट्रांस यमुना थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी मोनू गौतम की गिरफ्तारी से महीनों पुराने इस ब्लाइंड केस का पर्दाफाश हो गया है और पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब इस बिंदु पर भी कड़ाई से तफ्तीश कर रही है कि क्या आरोपी मोनू ने इससे पहले अपने किसी अन्य रिश्तेदार या परिचित के घर भी इसी शातिराना अंदाज में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।