आगरा: जनपद के युवाओं को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। आगरा कॉलेज सभागार में जिलाधिकारी मनीष बंसल और मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में ‘कोड योगी फाउंडेशन’ द्वारा एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य कक्षा 8 से 12वीं तक के छात्रों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि वाले युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और प्रोग्राम कोडिंग में दक्ष बनाना है।
गर्मियों की छुट्टियों का होगा ‘तकनीकी सदुपयोग’
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए कहा कि वर्तमान युग तकनीकी का है। उन्होंने प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा, “हमें छात्रों के कौशल विकास के लिए सेतु का काम करना होगा। कोडिंग और AI आधारित ज्ञान न केवल रोजगार के नए द्वार खोलेगा, बल्कि युवाओं को स्वावलंबन की ओर ले जाएगा।” उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को इस मुफ्त प्रशिक्षण कार्यक्रम से जोड़कर उनके सुनहरे भविष्य की नींव रखें।
गरीब और संसाधनहीन छात्रों के लिए ‘वरदान’
कोड योगी फाउंडेशन और माध्यमिक शिक्षा विभाग के बीच हुए इस करार के तहत जनपद के सभी एडेड स्कूलों के छात्रों को गर्मियों की छुट्टियों में मुफ्त कोडिंग शिक्षा दी जाएगी। फाउंडेशन के प्रतिनिधि राकेश सहगल ने पीपीटी के माध्यम से बताया कि यह कार्यक्रम उन प्रतिभाशाली बच्चों के लिए है जो वित्तीय अभाव के कारण महंगे तकनीकी कोर्स नहीं कर पाते। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कोडिंग सीखकर वेल्डिंग और प्लंबिंग जैसे काम करने वाले युवाओं ने भी आज लाखों रुपये के पैकेज वाली नौकरियां हासिल की हैं।
रोजगार और आत्मनिर्भरता पर जोर
कार्यशाला में बताया गया कि एआई और कोडिंग आने वाले समय की सबसे महत्वपूर्ण स्किल साबित होने वाली है। डीआईओएस चंद्र शेखर ने सभी अतिथियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य हर छात्र को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है। कार्यशाला में बड़ी संख्या में राजकीय एवं सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कैसे उठाएं लाभ?
- पात्रता: कक्षा 8 से 12वीं तक के एडेड स्कूलों के छात्र और कॉलेज में पढ़ रहे आर्थिक रूप से कमजोर युवा।
- पंजीकरण: छात्र कोड योगी फाउंडेशन के माध्यम से अपना पंजीकरण कराकर मुफ्त कोडिंग क्लास ज्वाइन कर सकते हैं।


