यही है बीजेपी की संस्कृति… बदसलूकी के वीडियो पर भड़कीं महुआ मोइत्रा, नागरिक उड्डयन मंत्री से की कार्रवाई की अपील

National

नई दिल्ली/कोलकाता: ​तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने इंडिगो की फ्लाइट (6E 719) में उनके साथ हुए दुर्व्यवहार का एक सनसनीखेज वीडियो साझा किया है। महुआ का आरोप है कि गुरुवार को जब वह कोलकाता से दिल्ली एक संसदीय समिति की बैठक में शामिल होने जा रही थीं, तब कुछ यात्रियों ने उनके साथ बदसलूकी की और आपत्तिजनक नारे लगाए। सांसद ने इसे न केवल अपना व्यक्तिगत उत्पीड़न बताया है, बल्कि विमान के भीतर सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन भी करार दिया है।

​क्या है पूरा मामला?

महुआ मोइत्रा के अनुसार, वह फ्लाइट की सीट नंबर 1F पर बैठी थीं। विमान में चढ़ते समय 4-6 लोगों का एक समूह उन्हें घूरते हुए पीछे की सीटों पर जाकर बैठ गया। जैसे ही फ्लाइट दिल्ली में लैंड हुई और दरवाजे खुलने का समय आया, उन लोगों ने अचानक शोर मचाना शुरू कर दिया।

​वायरल वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि कुछ लोग “जय श्री राम” के साथ-साथ “चोर-चोर-चोर, टीएमसी चोर” और “तृणमूल में सब चोर” जैसे नारे लगा रहे हैं। महुआ का कहना है कि इन लोगों ने जानबूझकर उन्हें उकसाने के लिए यह हरकत की और इसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया।

“संघी लोग वीडियो वायरल कर रहे हैं”

सांसद ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने इस घटना को नजरअंदाज किया और सीधे अपनी मीटिंग में चली गईं। लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि वही लोग इस वीडियो को सोशल मीडिया पर गर्व के साथ वायरल कर रहे हैं। महुआ ने पलटवार करते हुए कहा, “यह बीजेपी की संस्कृति है। जब मुझे पता चला कि ‘संघी’ लोग इसे फैला रहे हैं, तब मैंने इस मामले को उठाने का फैसला किया।”

​कड़ी कार्रवाई की मांग

महुआ मोइत्रा ने इस मामले में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को टैग करते हुए सख्त एक्शन की मांग की है। उन्होंने इंडिगो एयरलाइंस से कहा है कि वह क्रू रिपोर्ट को सार्वजनिक करे और इन ‘बदतमीज’ यात्रियों को ‘नो-फ्लाई लिस्ट’ में डाले। विमान कंपनी ने सांसद से औपचारिक शिकायत मांगी है, जिसे महुआ ने भेजने की पुष्टि की है।