गाजीपुर पहुँचे अखिलेश के ‘दूत’: पीड़ित परिवार को सौंपा 5 लाख का चेक, ​PDA की एकता पर सपा प्रमुख का बड़ा संदेश

Politics

लखनऊ/गाजीपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को गाजीपुर पहुँचा। यहाँ प्रतिनिधिमंडल ने हालिया हिंसा के पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। अखिलेश यादव ने इस मदद को PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज की एकजुटता का प्रतीक बताया है।

अखिलेश ने रद्द किया अपना दौरा

इससे पहले अखिलेश यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए घोषणा की थी कि यदि उनके प्रतिनिधिमंडल को गाजीपुर जाने से रोका गया, तो वह स्वयं वहां पहुंचेंगे। हालांकि, जिला प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने के सहयोग और प्रतिनिधिमंडल की पीड़ित परिवार से सफलतापूर्वक मुलाकात के बाद, सपा अध्यक्ष ने अपना गाजीपुर दौरा रद्द करने की पुष्टि की।

​PDA की एकता पर अखिलेश का संदेश

मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा, “गाजीपुर के पीड़ित परिवार को हमारे पूरे PDA समाज ने मिलकर 5 लाख रुपये एकत्र कर जो मदद की है, वह PDA की एकता का प्रतीक है। इससे पीड़ित परिवार का मनोबल बढ़ेगा और यह विश्वास भी कि वर्चस्ववादियों के अत्याचार के खिलाफ समस्त PDA समाज एकसाथ संघर्ष कर रहा है।”

​”पीड़ा ही वो धागा है जिससे जुड़ा है समाज”

सपा प्रमुख ने अपने संदेश में सामाजिक न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा, “हम PDA के मान-सम्मान, समान अवसर और उत्थान के लिए संघर्ष करते रहेंगे, इसमें साल लगे या सदी! पीड़ा ही वो धागा है, जिससे पूरा PDA समाज जुड़ा है।”

​इस दौरे और आर्थिक सहायता के जरिए समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर जमीन पर अपनी सक्रियता और अपने कोर वोट बैंक (PDA) के प्रति अपनी संवेदनशीलता का संदेश दिया है।