यूपी में ‘कैबिनेट विस्तार’ की सुगबुगाहट पर सपा का फिल्मी तंज: मुख्यमंत्री गए हैं जापान, वहां से किया है टेलीफून…

Politics

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के चुनावी रण की बिसात अभी से बिछनी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संभावित कैबिनेट विस्तार और बागी विधायकों को लेकर सोशल मीडिया पर एक बेहद तीखा और फिल्मी तंज कसा है। सपा ने उन तीन विधायकों पर निशाना साधा है, जो सपा छोड़कर भाजपा के पाले में चले गए थे और अब उनके मंत्री बनने की चर्चाएं आम हैं।

फिल्मी तर्ज पर ‘शपथ’ और ‘विभागों’ का जिक्र

सपा ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (Twitter) हैंडल पर एक लोकप्रिय गाने की पैरोडी बनाकर पोस्ट किया। पोस्ट में लिखा गया ​“मुख्यमंत्री गए हैं जापान, वहां से किया है टेलीफून… बना दो तीनों लाडलों को मंत्री, आते ही दिलाएंगे शपथ!”

इतना ही नहीं, सपा ने तंज कसते हुए इन विधायकों के संभावित विभागों तक की घोषणा कर दी। पोस्ट में मनोज पांडे को लोकनिर्माण विभाग, अभय सिंह को गृह विभाग और राकेश सिंह को खाद्य आपूर्ति एवं सुरक्षा विभाग का ‘भावी मंत्री’ बताया गया है।

​’वापसी’ की खबरों के बीच मंत्री पद का लालच?

सपा ने अपने पोस्ट में दावा किया कि पिछले कुछ दिनों से इन विधायकों की सपा में घर वापसी की खबरें तैर रही थीं। सूत्रों के हवाले से कहा गया कि इन तीनों को सपा में जाने से रोकने के लिए भाजपा ने अब ‘मंत्री पद’ का पासा फेंका है। दो साल तक भाजपा में उपेक्षित रहने के बाद अब इनकी नाराजगी दूर करने के लिए मंत्रिमंडल में जगह देने की तैयारी चल रही है और फिलहाल विभागों के बंटवारे पर मंथन जारी है।

सियासी गलियारों में चर्चा तेज

समाजवादी पार्टी के इस हमले के बाद भाजपा खेमे में हलचल है। हालांकि भाजपा की ओर से अभी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन इस पोस्ट ने उन चर्चाओं को हवा दे दी है कि जल्द ही योगी कैबिनेट का विस्तार हो सकता है और इसमें ‘दलबदल’ कर आए चेहरों को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।