आगरा। ताजनगरी में गुरुवार को भगवान महर्षि परशुराम जी का जन्मोत्सव अपार उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। महर्षि परशुराम जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में निकाली गई भव्य शोभायात्रा में हजारों की संख्या में विप्र समाज और सर्व समाज के लोगों ने शिरकत की। “जय परशुराम” के जयघोषों और भक्तिमय वातावरण के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे शहर को धर्ममय कर दिया।
यमुना किनारे से हुआ भव्य आगाज़
शोभायात्रा का शुभारंभ यमुना किनारा स्थित महर्षि परशुराम इंटर कॉलेज से हुआ। समिति के संरक्षकों और पदाधिकारियों ने भगवान परशुराम के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण कर यात्रा को रवाना किया। यह यात्रा जीवनी मंडी, भैरों बाजार, रावतपाड़ा, किनारी बाजार और फुलट्टी बाजार जैसे प्रमुख मार्गों से होती हुई बेलनगंज पर संपन्न हुई।
आकर्षक झांकियां और सांस्कृतिक रंग
शोभायात्रा में करीब दो दर्जन से अधिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसमें सिद्धि विनायक गणेश, तांडव करते महादेव, राधा-कृष्ण महारास और रामलला की जीवंत झांकियों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इटावा के कलाकारों और एटा से आए काली मां के अखाड़े ने यात्रा में जोश भर दिया। अंत में भगवान परशुराम एक भव्य और अलौकिक डोले पर विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दर्शन दे रहे थे।
सौहार्द की मिसाल और भव्य स्वागत
पूरे मार्ग में जगह-जगह सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया। मीडिया प्रभारी मुकुल जमदग्नि ने बताया कि इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने भी गर्मजोशी से स्वागत कर आगरा की साझा संस्कृति और सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश की। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सभी विप्रजनों और अतिथियों का तिलक व पटका पहनाकर सम्मान किया गया।
प्रमुख उपस्थिति
शोभायात्रा में पुरुष वर्ग से राजेश शर्मा, जुगल किशोर शर्मा, दिलीप भारद्वाज, योगेश भारद्वाज, पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, अनुज शर्मा, गौरव शर्मा सहित सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं महिला वर्ग का नेतृत्व ममता शर्मा, चेतन शर्मा, रुपाली दीक्षित और लक्ष्मी लवानिया सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने किया, जो भक्ति गीतों पर झूमती नजर आईं।

