आगरा कॉलेज में ‘फेयरवेल’ की धूम: संगीत और नृत्य के बीच आंसुओं के साथ विदा हुए बीए-बीएससी के छात्र

विविध

आगरा: ताजनगरी के ऐतिहासिक आगरा कॉलेज के ऑडिटोरियम में गुरुवार को हंसी, तालियों और आंसुओं का एक अनोखा संगम देखने को मिला। बीए, बीएससी और बीकॉम के अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए आयोजित विदाई समारोह ‘फेयरवेल-2026’ में विद्यार्थियों ने कॉलेज के सुनहरे सफर को याद करते हुए भावुक मन से नए भविष्य की ओर कदम बढ़ाए।

सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा ऑडिटोरियम

​महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम की अध्यक्षता में कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ। समारोह में छात्रों ने नृत्य, संगीत और गायन की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा ऑडिटोरियम गूंज उठा। संगीत के जादू के बीच प्रो. विश्वकांत गुप्ता के मधुर गायन ने समां बांध दिया, जिसे सुनकर सभी मंत्रमुग्ध हो गए।

​गुरुओं का सम्मान और स्मृतियों का पिटारा

विदाई समारोह का सबसे भावुक क्षण वह रहा जब विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं और विभागाध्यक्षों को मंच पर आमंत्रित कर स्मृति-चिन्ह भेंट किए। इस अवसर पर उप-प्राचार्य प्रो. पीबी झा और मुख्य प्रॉक्टर प्रो. वी. के. सिंह ने छात्रों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज लाइफ के तीन वर्षों की यादों को साझा करते हुए कई छात्र अपनी आंखों के कोर भिगोने से नहीं रोक सके।

​इन दिग्गजों की रही गरिमामयी उपस्थिति

​समारोह में प्रो. बीके चिकारा, डॉ. पारुल महाजन (बीबीए), प्रो. अनुराधा नेगी (रसायन विज्ञान), डॉ. लोकेन्द्र पाल सिंह, डॉ. हेमराज सिंह और प्रो. पालिवाल सहित महाविद्यालय के तमाम शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में वाणिज्य विभाग के प्रभारी डॉ. अश्वनी शर्मा, डॉ. नीरज मनचंदा और डॉ. ज्योत्सना गौड़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

शुभम जैन और टीम ने संभाली कमान

पूरे भव्य आयोजन का संचालन और समन्वय विज्ञान संकाय के छात्र शुभम जैन एवं उनकी टीम द्वारा बखूबी किया गया। कार्यक्रम के अंत में जूनियर छात्रों ने अपने सीनियर साथियों को उपहार भेंट किए और कॉलेज परिसर में एक-दूसरे के साथ फोटो खिंचवाकर इन यादगार पलों को हमेशा के लिए संजो लिया।