समोसे के लिए दिल्ली से आगरा दौड़ पड़े अपारशक्ति खुराना, पेठे के बाद समोसे और छेने की मिठाई पर हारे दिल

Entertainment

मुंबई/आगरा: जहाँ एक ओर बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार अपनी सख्त डाइट के लिए जाने जाते हैं और पिछले 15 सालों से समोसे को हाथ तक नहीं लगाया है, वहीं दूसरी ओर अभिनेता अपारशक्ति खुराना ने साबित कर दिया है कि वे असली खाने के शौकीन हैं। अपारशक्ति सिर्फ एक समोसे का लुत्फ उठाने के लिए दिल्ली से सीधे आगरा जा पहुँचे।

“आगरा के समोसे, मैं तुझ पर फिदा हूँ”

​अपारशक्ति ने अपने सोशल मीडिया पर एक मजेदार वीडियो साझा किया है, जो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वे आगरा के एक मशहूर ठिकाने पर गरमा-गरम समोसे खाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनका आगरा आना सफल हो गया। समोसे के बाद अभिनेता ने वहां की मशहूर छेने की मिठाई का भी आनंद लिया। उन्होंने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा “आगरा के पेठे के बाद अब आगरा के समोसे, तेरे पीछे तो मैं पूरी तरह से फिदा हो गया हूं।”

​सोशल मीडिया पर सेलेब्स के मजेदार कमेंट्स

अपारशक्ति के इस फूड ट्रिप पर उनके दोस्तों और फैंस ने जमकर प्रतिक्रिया दी है। म्यूजिशियन रोचक कोहली ने उनके कुर्ते की तारीफ की, तो अभिनेत्री दिलजोत ने खुद के लिए भी आगरा के समोसे मंगवा लिए। वहीं, अभिनेता की पत्नी आकृति आहूजा ने दिल वाले इमोजी के साथ अपना प्यार जताया।

​’जब खुली किताब’ में वकील बने नजर आए अपारशक्ति

काम की बात करें तो अपारशक्ति खुराना हाल ही में फिल्म ‘जब खुली किताब’ में नजर आए हैं। इस फिल्म में उन्होंने ‘आर.के. नेगी’ नाम के एक भावुक और संघर्षशील छोटे वकील का किरदार निभाया है।

फिल्म की कहानी पंकज कपूर और डिंपल कपाड़िया के इर्द-गिर्द घूमती है, जो 50 साल साथ रहने के बाद बुढ़ापे में तलाक लेने का फैसला करते हैं। अपारशक्ति ने इस गंभीर विषय में अपनी सहज एक्टिंग से जान फूँक दी है।