आगरा भाजपा में ‘इस्तीफा पॉलिटिक्स’: महानगर कमेटी बनते ही फूटा ममता शर्मा का गुस्सा; तंज कसते हुए लिखा- “इतनी भारी-भरकम जिम्मेदारी संभालने में असमर्थ”

स्थानीय समाचार

​आगरा: भारतीय जनता पार्टी की आगरा महानगर की नई टीम का ऐलान होते ही संगठन के भीतर का असंतोष सतह पर आ गया है। कार्यकारिणी घोषित होने के कुछ ही घंटों बाद पूर्व पार्षद प्रत्याशी ममता शर्मा ने सोशल मीडिया पर अपने इस्तीफे की ऐसी पोस्ट डाली, जिसने ‘महानगर अध्यक्ष’ की पूरी टीम चयन प्रक्रिया पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। ममता शर्मा का यह ‘तंज भरा’ इस्तीफा अब व्हाट्सएप ग्रुपों और फेसबुक पर जमकर वायरल हो रहा है।

​”यकीन नहीं हो रहा इतनी बड़ी जिम्मेदारी दे दी”

ममता शर्मा ने अपनी फेसबुक पोस्ट में सीधे तौर पर महानगर अध्यक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में लिखा ​”समय की व्यस्तता होने पर भारी-भरकम जिम्मेदारी ‘कार्यकारिणी सदस्य’ भाजपा महानगर से इस्तीफा देना पड़ रहा है, क्योंकि यकीन नहीं हो रहा है कि अध्यक्ष जी इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंप देंगे जो संभालने में असमर्थ रहूंगी। इसलिए अपने पद से इस्तीफा दे रही हूं। बहुत-बहुत आभार व्यक्त करती हूं महानगर अध्यक्ष जी का जो मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी।”

पद नहीं, ‘कद’ को लेकर है नाराजगी?

पार्टी के भीतर चर्चा है कि पार्षद प्रत्याशी रह चुकीं ममता शर्मा को महज ‘कार्यकारिणी सदस्य’ बनाया जाना नागवार गुजरा है। उनके समर्थकों का मानना है कि उन्हें किसी महत्वपूर्ण पदाधिकारी के पद की उम्मीद थी, लेकिन सदस्य बनाकर उनकी अनदेखी की गई।

​संगठन में ‘अंडरकरेंट’ और विरोध की आहट

​ममता शर्मा की इस पोस्ट के बाद आगरा भाजपा के कई खेमों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि नई कमेटी में कई पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी हुई है, जिसका विस्फोट अब धीरे-धीरे शुरू हो रहा है। सोशल मीडिया पर इस पोस्ट के वायरल होने से विपक्षी दलों को भी चुटकी लेने का मौका मिल गया है।

अध्यक्ष की नई टीम पर उठे सवाल

महानगर अध्यक्ष द्वारा घोषित इस ‘नई फौज’ में जातीय समीकरण और निष्ठा को लेकर पहले ही खींचतान चल रही थी। ममता शर्मा का यह खुला विद्रोह अब बाकी असंतुष्टों को भी आवाज दे सकता है। फिलहाल, संगठन के बड़े नेता इस मामले को दबाने और ममता शर्मा को मनाने की कोशिशों में जुट गए हैं, लेकिन ‘तीर कमान से निकल चुका है’।