आगरा। ताजनगरी में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए चौतरफा घेराबंदी शुरू कर दी है। पिछले 24 घंटों के भीतर पुलिस ने ताबड़तोड़ तीन बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया। फतेहाबाद में जहां पुलिस ने गोली का जवाब गोली से देकर शातिर लुटेरों को दबोचा, वहीं चेकिंग के दौरान अवैध हथियारों की बड़ी खेप भी पकड़ी गई। अछनेरा में बुजुर्ग से हुई लूट का हिसाब भी पुलिस ने राजस्थान तक पीछा कर चुकता कर दिया है।
फतेहाबाद एनकाउंटर: भागने की कोशिश में बदमाश को लगी गोली
6 मार्च को पिन्नापुरा में हुई सनसनीखेज लूट का पर्दाफाश करते हुए फतेहाबाद और डौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने बदमाशों को प्रतापपुरा मोड़ पर घेर लिया। खुद को घिरा देख शातिर अपराधी वेद प्रकाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें वेद प्रकाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों वेद प्रकाश, श्यामू और रविंद्र को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूटे गए 4 लाख 500 रुपये, भारी मात्रा में जेवरात और वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक बरामद हुई है।
हथियारों की तस्करी का नेटवर्क ध्वस्त
एक अन्य बड़ी कामयाबी डौकी पुलिस को बाजिद अंडरपास पर मिली। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोका, जिनकी तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए। इन बदमाशों के पास से 4 अवैध तमंचे बरामद हुए हैं। पकड़े गए दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और आगरा में किसी बड़ी वारदात या हथियारों की सप्लाई के इरादे से आए थे। पुलिस ने उनकी बाइक सीज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
बुजुर्ग के गुनहगार का राजस्थान से अंत
अछनेरा की सब्जी मंडी में 25 फरवरी को बुजुर्ग संतराम को धक्का देकर रुपये छीनने वाले झपटमार को भी पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी संजय को राजस्थान के बीकानेर से ढूंढ निकाला और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से लूट की रकम और पल्सर बाइक बरामद की गई है।

