आगरा: ताजनगरी के ऐतिहासिक फुलट्टी चौक को इस वर्ष श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर एक नया स्वरूप दिया जा रहा है। ‘मां अंजनी धाम महोत्सव समिति’ की ओर से आयोजित होने वाले पांच दिवसीय भव्य कार्यक्रम में पूरा क्षेत्र ‘मां अंजनी धाम’ के रूप में नजर आएगा। मंगलवार को प्राचीन मां भगवती मंदिर में महंत गोपी गुरु की उपस्थिति में महोत्सव के पोस्टर का विमोचन और समिति कार्यालय का शुभारंभ कर तैयारियों का बिगुल फूंक दिया गया।
5 दिवसीय महोत्सव का पूरा शेड्यूल
समिति के संस्थापक कमल शर्मा ‘पप्पू’ ने बताया कि 31 मार्च से 4 अप्रैल तक चलने वाले इस उत्सव में आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा:
31 मार्च (शुभारंभ): ‘सेव का बाजार’ से फुलट्टी चौक तक भव्य अंजनी माता यात्रा निकाली जाएगी। प्राचीन मां भगवती मंदिर पर महाआरती के साथ उत्सव का आगाज होगा।
01 अप्रैल: मंदिर परिसर में अखंड रामायण पाठ और प्रभु श्रीराम परिवार का विधिवत पूजन किया जाएगा।
02 अप्रैल: सुबह संगीतमय सुंदरकांड पाठ और हवन होगा। शाम को महाकाल की पालकी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो मुख्य आकर्षण होगी।
03 अप्रैल: हनुमान जन्मोत्सव के मुख्य दिन ‘अंजनी धाम’ पर विशेष पूजन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
04 अप्रैल (समापन): सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भजन संध्या, 1100 दीपों से महाआरती और विशाल भंडारे के साथ महोत्सव का समापन होगा।
भव्य झांकियों का होगा स्वागत
समिति के सदस्य राम टंडन और भारत भूषण गप्पी ने जानकारी दी कि 2 अप्रैल को सिटी स्टेशन से निकलने वाली विशाल शोभायात्रा का अंजनी धाम पर ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। इस यात्रा में गणेश जी, श्रीराम दरबार, मां काली, कैला देवी, महाकाल, खाटूश्याम जी और नंदी बाबा सहित दर्जनों सजीव झांकियां शामिल होंगी।
राम भक्तों की सक्रिय भागीदारी
बैठक का संचालन राकेश भटनागर ने किया। इस दौरान शिरोमणि सिंह, प्रमोद गुप्ता, विपुल शर्मा, नवीन शर्मा सहित शहर के तमाम प्रतिष्ठित राम भक्त और समाजसेवी मौजूद रहे। महोत्सव को सफल बनाने के लिए फूलट्टी चौक के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पूरे क्षेत्र को विशेष विद्युत सजावट और भगवा ध्वजों से सजाने की योजना है।

