Agra News: शालीमार एनक्लेव में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान, 1024 अर्घ्यों के साथ रचा इतिहास, कल विश्व शांति महायज्ञ के साथ होगा समापन

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा: ताजनगरी के कमला नगर स्थित शालीमार एनक्लेव के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में इन दिनों भक्ति की बयार बह रही है। अष्टानिका महापर्व के उपलक्ष्य में आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के नौवें दिन मंगलवार को श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह का नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्रीजी के समक्ष 1024 अर्घ्य अर्पित किए, जिससे पूरा वातावरण मंत्रमुग्ध हो गया।

भक्ति और मंत्रोच्चार से गुंजायमान हुआ मंदिर

विधान का संचालन बाल ब्रह्मचारी आशीष जैन शास्त्री के कुशल निर्देशन में किया जा रहा है। मंगलवार तड़के ही श्रद्धालुओं ने भगवान का अभिषेक और शांतिधारा कर नित्य नियम पूजन किया। इसके बाद मुख्य अनुष्ठान शुरू हुआ, जहाँ इंद्र-इंद्राणियों ने अष्ट कर्मों के नाश और सिद्धों के गुणों का गान करते हुए भक्तिमय संगीत के बीच 1024 अर्घ्य समर्पित किए। संगीत की मधुर धुनों पर झूमते श्रद्धालुओं ने इसे आत्मशुद्धि का दुर्लभ अवसर बताया।

पुण्यार्जक परिवार का विशेष सहयोग

इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान का संयोजन पुण्यार्जक परिवार पारस जैन कंसल, संभव जैन कंसल एवं मधु जैन कंसल द्वारा किया जा रहा है। उनके नेतृत्व में प्रतिदिन विधिविधानपूर्वक कार्यक्रम संपन्न हो रहे हैं, जिसमें शालीमार एनक्लेव जैन समाज के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

कल होगा विश्व शांति महायज्ञ और होली मिलन

मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि 23 फरवरी से शुरू हुआ यह धार्मिक महोत्सव अब अपने समापन की ओर है। 4 मार्च (बुधवार) को भव्य विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश और विश्व की सुख-समृद्धि के लिए मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दी जाएंगी। इसके पश्चात ‘होली मिलन समारोह’ के साथ इस आध्यात्मिक यात्रा का समापन होगा।

इस अवसर पर विनीत जैन, अभिषेक जैन, अजीत जैन, हर्ष जैन, गौरव जैन, राजकुमार गुड्डू, संजू गोधा, रूपचंद जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।