ब्रज की होली पर ‘डिजिटल’ प्रहार: 9 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर FIR, भ्रामक वीडियो फैलाकर परंपरा को बदनाम करने का आरोप

Regional

मथुरा। विश्व प्रसिद्ध ब्रज की होली और इसकी सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत को सोशल मीडिया के जरिए धूमिल करने की कोशिश करने वालों पर मथुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बरसाना और नंदगांव की ‘लठामार’ एवं ‘लड्डू मार’ होली को लेकर भ्रामक और एडिटेड वीडियो क्लिप वायरल करने के आरोप में 9 प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ थाना बरसाना में गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

साजिश के तहत फैलाया गया भ्रम

पुलिस की आईटी सेल की जांच में सामने आया कि इन इन्फ्लुएंसर्स ने होली के पुराने वीडियो को आपत्तिजनक तरीके से एडिट किया और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा किया। इस दुष्प्रचार का उद्देश्य ब्रज में आने वाले श्रद्धालुओं के मन में डर पैदा करना और क्षेत्र की 5000 वर्ष पुरानी परंपरा को बदनाम करना था। इन पोस्ट्स के कारण न केवल अफवाहें फैलीं, बल्कि समाज में तनाव और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी भ्रामक माहौल बनाने की कोशिश की गई।

​इन 9 हैंडल्स पर गिरी गाज

मथुरा पुलिस ने जिन मुख्य सोशल मीडिया हैंडल्स और यूजर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, उनमें शामिल हैं:

iMayankofficial (@imayankindian)

Piyush Rai (@Benarasiyaa)

Vishal JyotiDev Agarwal

(@JyotiDevSpeaks)

​Extra2ab (@UdayRoy443477)

ममता राजगढ़

कविश अजीज

​Prayagraj.vibes

r_nagar_vlogs

Kotafoodexplorerr

​गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्रज की प्राचीन परंपराओं की छवि खराब करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस अब इन नामजद लोगों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।