आगरा। ताजनगरी के श्रीजगन्नाथ (इस्कॉन) मंदिर में आज आस्था और उल्लास का ऐसा संगम दिखा, मानो साक्षात ब्रजधाम धरती पर उतर आया हो। फाग उत्सव के पावन अवसर पर मंदिर परिसर ग्यारह क्विंटल फूलों की सुगंध और हरिनाम संकीर्तन से गुंजायमान हो उठा।
11 क्विंटल फूलों से प्रभु का अभिषेक
इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविंद प्रभु के सानिध्य में आयोजित इस भव्य समारोह में राधा-कृष्ण का दिव्य अभिषेक किया गया। गुलाब, गेंदा, जाफरी और चमेली जैसे ग्यारह क्विंटल मनमोहक फूलों से जब प्रभु को लाड लड़ाया गया, तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अलौकिक दृश्य के साक्षी भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और दाऊ बलराम भी बने। फूलों की इस होली में श्रद्धालु पूरी तरह सराबोर नजर आए।
सांस्कृतिक वेशभूषा और भक्ति का उल्लास
परंपरा और आधुनिकता का सुंदर मेल तब दिखा जब श्रद्धालु गोपी ड्रेस और धोती-कुर्ता जैसे पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर मंदिर पहुंचे। शंखनाद और जयकारों के बीच भक्तों ने जमकर नृत्य किया। दिल्ली से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक हरिनाम प्रभु ने जब ‘छीन लियो मेरा भोला सा मन…’ और ‘ऐ री सखी मंगल गाओ री…’ जैसे भजनों की तान छेड़ी, तो हर कोई झूमने पर मजबूर हो गया।
विशेष भोग और सजावट
होली के इस विशेष अवसर पर मंदिर को भव्य ‘फूल बंगला’ के रूप में सजाया गया था। ठाकुर जी को ठंडाई, मठरी और गुझिया जैसे पारंपरिक व्यंजनों का विशेष भोग लगाया गया। संध्या आरती के बाद शुरू हुआ यह उत्सव देर रात तक चलता रहा, जिसमें शहर के प्रमुख समाजसेवी और बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में नितेश अग्रवाल, शैलेंद्र अग्रवाल और सुनील मनचंदा सहित मंदिर समिति के समस्त पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।

