आगरा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने बुधवार को आगरा में भाजपा सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सत्ता पर काबिज भाजपा विरोधियों की आवाज कुचलने के लिए एक खास ‘ट्रिपल फॉर्मूला’ मुकदमा, बुलडोजर और मुठभेड़ पर काम कर रही है। भाटी ने हाल ही में शंकराचार्य के खिलाफ दर्ज मुकदमे को धर्म और राजनीति का सबसे निचला स्तर बताया।
”शंकराचार्य के आश्रम पर भी चल सकता है बुलडोजर”
प्रेस वार्ता के दौरान राजकुमार भाटी ने आशंका जताते हुए कहा कि भाजपा जिससे असहज होती है, उसे ‘अवैध’ घोषित कर देती है। उन्होंने कहा, “शंकराचार्य के खिलाफ फर्जी मुकदमा तो बस शुरुआत है, आश्चर्य नहीं होगा अगर जल्द ही उनके आश्रम पर बुलडोजर भेजने की तैयारी कर ली जाए। ‘बटेंगे तो कटेंगे’ का नारा देने वाले आज खुद संतों को आपस में बांट रहे हैं।”
29 मार्च को दादरी में ‘रणभेरी’: 32 जिलों से जुटेगा जनसैलाब
भाटी ने आगामी चुनावी तैयारियों पर कहा कि 29 मार्च 2026 को गौतमबुद्धनगर के दादरी में सपा की ऐतिहासिक रैली होगी। इसमें पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस रैली में 32 जिलों के समर्थक जुटेंगे और यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीतिक हवा बदल देगी।
राहुल गांधी और ममता बनर्जी की सराहना
सपा प्रवक्ता ने विपक्षी एकजुटता पर जोर देते हुए राहुल गांधी को एक गंभीर और ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के मुद्दों के लिए लड़ने वाला नेता बताया। साथ ही ममता बनर्जी को भाजपा के अन्याय के खिलाफ सबसे बहादुर नेता करार दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपाई ‘दिखावटी गोभक्त’ हैं, जबकि अखिलेश यादव के घर आज भी 40 गायें हैं जिनकी सेवा परंपरा अनुसार की जाती है।
