खून हुआ ‘पानी’: आगरा में नशेड़ी भाई ने बड़े भाई के सिर पर सब्बल से किया वार, रंजिश में उजाड़ा अपना ही घर

Crime

आगरा। ताजनगरी के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में सोमवार रात रिश्तों के कहुलासे ने पूरे इलाके को दहला दिया। नगला किशनलाल (बजरंग नगर) में मामूली विवाद के बाद एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की लोहे के सब्बल से प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी। नशे और पुरानी रंजिश के इस घातक मेल ने एक हंसते-खेलते परिवार को मातम में डुबो दिया है।

कहासुनी से कत्ल तक का सफर

मिली जानकारी के अनुसार, सात भाइयों के इस परिवार में लंबे समय से आंतरिक कलह चल रही थी। सोमवार रात करीब 8 बजे जब घर के लोग अपने कामों में व्यस्त थे, तभी छोटे भाई सत्तो और बड़े भाई भूरा के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। दोनों ही शराब के नशे में थे, जिससे विवाद और गहरा गया। तैश में आकर सत्तो ने पास ही रखा लोहे का भारी सब्बल उठाया और भूरा के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

अस्पताल में तोड़ा दम

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों और परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लहुलुहान भूरा को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद से ही इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी भाई के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और नशे की हालत में उपजे गुस्से को हत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल कर रही है।