यूपी: मुरादाबाद में मुंबई से घर लौटी फैशन डिजाइनर ने फंदे पर लटक कर ली आत्महत्या

Crime

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में मुंबई घर लौटी फैशन डिजाइनर मुस्कान ने फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। सिविल लाइंस की नवीन नगर कॉलोनी में शुक्रवार सुबह उसका शव बेडरूम में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि मुस्कान डिप्रेशन में थी लेकिन उसने कभी इसका कारण नहीं बताया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है।

मुरादाबाद के नवीन नगर कॉलोनी निवासी चंद्र प्रकाश नारंग डिस्पोजल व्यापारी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी तीन बेटी और एक बेटे में सबसे बड़ी बेटी मुस्कान (25)मुंबई की एक कंपनी में फैशन डिजाइनर थी। होली पर मुस्कान घर आई थी। इसके बाद वह वापस मुंबई नहीं गई। गुरुवार रात उसने परिवार के साथ खाना खाया। इसके बाद वह सोने मकान की ऊपरी मंजिल पर चली गई। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी अपने अपने कमरों में सो गए।

शुक्रवार सुबह आठ बजे तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुलासा। मां और छोटी बहनों ने दरवाजा खटखटाया लेकिन मुस्कान ने कोई जवाब नहीं दिया। अनहोनी की आशंका में खिड़की से झांक कर देखा तो उसका शव दुपट्टे के जरिए फंदे से लटका हुआ था। इससे परिवार में चीख पुकार मच गई। कुछ ही देर में आस पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मुरादाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और धक्का देकर दरवाजा खोल लिया। इसके बाद उसका शव नीचे उतरा गया। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद फोरेंसिक टीम मौके पर बुला ली गई। जांच पड़ताल करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।

परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि फैशन डिजाइनर मुस्कान लंबे समय से डिप्रेशन में चल रही थी। पूछताछ करने पर भी परिवार के किसी सदस्य को उसने कुछ नहीं बताया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है।