कांग्रेस पार्टी ने गुजरात विधानसभा चुनावों के लिए जन घोषणा पत्र जारी किया है। पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलकर सरदार पटेल स्टेडियम करने का वादा किया है। इसके अलावा कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में आठ क्षेत्रों पर फोकस किया है।
इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाएं, किसान, युवा, सुरक्षित गुजरात, सामजिक न्याय और कोरोना पीड़ित शामिल हैं।
कांग्रेस ने गृहणियों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 300 यूनिट फ्री बिजली के साथ सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने का वादा किया है। गुजरात के लोगों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए कांग्रेस ने हर गुजराती को 10 लाख रुपये के मुफ्त इलाज के साथ किडनी, लीवर और हार्ट के मुफ्त ट्रांसप्लांट के साथ फ्री दवाएं देने का वादा किया है।
कांग्रेस ने शिक्षा के लिए प्रदेश की सभी लड़कियों की शिक्षा को केजी से पीजी तक मुफ्त करने का वादा किया है। कांग्रेस ने राज्य में 3000 अंग्रेजी मीडियम की नई सरकारी स्कूल खोलने और आधुनिक शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना का वादा किया है।
कांग्रेस ने अपने इन वादों को कांग्रेस के वचन का नाम दिया है। अहमदाबाद स्थित राजीव भवन में गुजरात कांग्रेस के मुख्य आर्ब्जवर और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी में यह घोषणा पत्र जारी किया गया।
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र को की लांच के मौके पर परिवर्तन उत्सव बताया और कहा कि इस बार जनता की सरकार बनेगी। कांग्रेस ने घोषणा पत्र के साथ वेबसाइट भी लांच की है।
दो चरणों में हैं चुनाव
गुजरात में 15वीं विधानसभा के चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। प्रथम चरण में 89 सीटों के लिए 1 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। इन सीटों के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 14 नवंबर है। तो वही दूसरी चरण में प्रदेश की 93 सीटों के लिए पांच दिसंबर को वोटिंग होगी। मतों की गिनती हिमाचल प्रदेश के साथ 8 दिसंबर को होगी।
पहले चरण में गुजरात के सौराष्ट्र, काठियावाड़ और दक्षिण गुजरात में वोट डाले जाएंगे। उत्तर गुजरात और मध्य गुजरात में वोट दूसरे चरण में डाले जाएंगे।
कांग्रेस को मिली थीं 77 सीटें
गुजरात में विधानसभा की कुल सीटों की संख्या 182 है। 2017 के चुनाव में बीजेपी को 99 और कांग्रेस को 77 सीटें हासिल हुई थीं। दो सीटों पर बीटीपी के उम्मीदवार जीते और तीन सीटें निर्दलीयों को मिली थीं। गुजरात में पिछले 27 सालों से बीजेपी सत्ता में है। बीजेपी-कांग्रेस के चुनावी समर वाले राज्य में पहली बार आम आदमी पार्टी संगठन बनाकर चुनाव लड़ रही है।गुजरात विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 92 सीटों का है।
-एजेंसी