योगी सरकार के ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’: आगरा में जनप्रतिनिधियों ने पेश किया उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड; मेट्रो से लेकर एयरपोर्ट तक विकास की नई उड़ान

Regional

​आगरा: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल के सफल 9 वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को आगरा के विकास भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और जिले के तमाम विधायकों व जनप्रतिनिधियों ने प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण रहा, जिसे भारी जनसमूह ने उत्साह के साथ देखा।

यूपी बना निवेश और सुशासन का ‘रोड रोल मॉडल’: योगेंद्र उपाध्याय

​उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ‘उत्कर्ष’ की नई ऊंचाइयों पर पहुँचा है। उन्होंने कहा, “पहले हर जिले में एक माफिया की पहचान होती थी, लेकिन आज हर जिला अपने विशिष्ट उत्पाद (ODOP) और व्यंजनों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचाना जा रहा है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि यूपी अब देश के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर और कानून-व्यवस्था का रोल मॉडल बन चुका है।

​अपराध में ऐतिहासिक गिरावट: 90% कम हुई डकैती

​विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कानून-व्यवस्था के आंकड़े पेश करते हुए बताया कि 2016 की तुलना में ​डकैती में 90%, लूट में 85% और हत्या की घटनाओं में 47% की कमी आई है। यूपी 112 का रिस्पांस टाइम 1 घंटा 5 मिनट से घटकर मात्र 6 मिनट 41 सेकंड रह गया है। पुलिस विभाग में 2.19 लाख से अधिक भर्तियां की गईं, जिनमें 44,000 महिलाएं शामिल हैं।

​आगरा के विकास को लगे पंख: मेट्रो और एयरपोर्ट पर अपडेट

प्रेस वार्ता में आगरा की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति साझा की गई:

आगरा मेट्रो: कॉरिडोर-1 (29.4 किमी) का कार्य तेजी पर है। दिसंबर 2026 तक इसे पूर्ण करने का लक्ष्य है। कॉरिडोर-2 (आगरा कैंट से कालिंदी विहार) का काम भी युद्धस्तर पर जारी है।

सिविल एयरपोर्ट: 441.79 करोड़ की लागत से बन रहा नया टर्मिनल भवन 30 सितंबर 2026 तक तैयार हो जाएगा। यहाँ 19 चेक-इन काउंटर और मल्टीलेवल पार्किंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी।

लाभार्थियों को मिला सम्मान और स्वरोजगार का उपहार

​विकास भवन प्रांगण में ‘सीएम युवा कैंप’ का शुभारंभ किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने ओडीओपी (ODOP) टूल किट का वितरण किया और स्वरोजगार के लिए स्वीकृत ऋण पत्रों के चेक लाभार्थियों को सौंपे। सूचना विभाग द्वारा एक 9 दिवसीय प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें सरकार की जनहितकारी योजनाओं को दर्शाया गया है।

​9 दिनों तक चलेगा उत्सव

​सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर आगरा में अगले 9 दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सूर सदन प्रेक्षागृह में सभी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहाँ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से ‘नवनिर्माण के उत्सव’ को मनाया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर, विधायक श्रीमती रानी पक्षालिका सिंह, डॉ. धर्मपाल सिंह, श्री पुरुषोत्तम खंडेलवाल, श्री भगवान सिंह कुशवाह और डॉ. जीएस धर्मेश सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे।