आगरा। ताज ट्रेपेज़ियम ज़ोन (टीटीज़ेड) प्राधिकरण की 65वीं बोर्ड बैठक गुरुवार को मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक की शुरुआत प्राधिकरण की गत 64वीं बोर्ड बैठक की कार्यवाही की पुष्टि से हुई, जिसके बाद विभिन्न महत्वपूर्ण विकास प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
आगरा एयरपोर्ट रनवे विस्तार परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी
बैठक में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा सिविल एयर टर्मिनल, आगरा में रनवे, टैक्सी ट्रैक और एयरक्राफ्ट पार्किंग क्षेत्र के विस्तारीकरण से जुड़े प्रस्ताव को प्रस्तुत किया गया।
डीजीएम (सिविल) ने अवगत कराया कि परियोजना के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) की एनओसी प्राप्त हो चुकी है और पर्यावरणीय मंजूरी की प्रक्रिया प्रचलित है।
विस्तृत विचार-विमर्श के बाद मंडलायुक्त ने इस परियोजना को सैद्धांतिक स्वीकृति देते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि—
“नीरी सहित सभी संबंधित विभागों से अंतिम अनुमति मिलने के बाद ही कार्य प्रारंभ किया जाए।”
मथुरा यमुना घाटों के विकास परियोजना को हरी झंडी
बैठक में जनपद मथुरा के यमुना नदी घाटों के विकास एवं पुनरोद्धार परियोजना का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया। यह परियोजना राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है।
परियोजना के उद्देश्य, पर्यावरणीय प्रभाव, विभागीय अनापत्तियों और तकनीकी बिंदुओं की समीक्षा के बाद मंडलायुक्त ने प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि—
सी एंड डी वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स का पूर्ण पालन किया जाए।
किसी भी प्रकार का ठोस अपशिष्ट नदी में न जाने पाए।
निकले हुए अपशिष्ट का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारीगण रहे उपस्थित
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व श्रीमती शुभांगी शुक्ला, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अलीगढ़ श्री विश्वनाथ शर्मा, जलकल विभाग के जीएम अरूणेन्द्र राजपूत,
टाउन प्लानर श्रीमती रिचा कौशिक, एनएचएआई से श्री लोकेश शर्मा, तथा फॉरेस्ट रेंजर श्री गिरिजेश तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का समापन क्षेत्र के पर्यावरण संरक्षण और विकास कार्यों को संतुलित रखने के संकल्प के साथ हुआ।
-up18News

