नोएडा की हाईराइज अपार्टमेंट्स में 21 वर्षीय युवती ने 28वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

Crime

नोएडा (सेक्टर-24): दिल्ली से सटे नोएडा के हाईराइज अपार्टमेंट्स में सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के सेक्टर-32 स्थित ‘अमौर सोसाइटी’ (Amour Society) से खुदकुशी का मामला सामने आया है, जहाँ एक 21 वर्षीय युवती ने 28वीं मंजिल से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। देर रात हुई इस खौफनाक घटना से पूरी सोसाइटी में दहशत और सन्नाटा पसर गया है।

मौके पर ही तोड़ा दम

मृतक युवती की पहचान अर्पिता (21 वर्ष) पुत्री संजय के रूप में हुई है। अर्पिता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के मंडेरवा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और वर्तमान में नोएडा के डी-ब्लॉक, सेक्टर-32 स्थित इसी सोसाइटी में रह रही थी। सूचना मिलते ही सेक्टर-24 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी।

परिजनों के बीच मचा कोहराम

घटना के वक्त मृतका के पिता भी सोसाइटी में ही मौजूद थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब अर्पिता के पिता और अन्य परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अर्पिता ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया।

​पुलिस की जांच जारी

नोएडा पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की अन्य बारीकियों का पता चल सकेगा। फिलहाल, सोसाइटी के अन्य निवासियों और सुरक्षाकर्मियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।