बागपत में नसीमुद्दीन सिद्दीकी बोले: बारी-बारी से सबको ठोका जा रहा है…BJP में दूसरे दर्जे के नागरिक हैं ब्राह्मण

Politics

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में आयोजित ‘पीडीए (PDA) संवाद’ कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने एक बेहद विवादित बयान देकर सूबे की सियासत में उबाल ला दिया है। मंच से हुंकार भरते हुए सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में चुन-चुनकर विशिष्ट वर्गों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि “बारी-बारी से सभी को ठोका जा रहा है… कभी मुसलमान, कभी शेड्यूल कास्ट, तो कभी पिछड़े।”

​”आज मुल्ला जी ठोक दिए गए, कल आपका नंबर”

अपने संबोधन के दौरान सिद्दीकी ने समाज के विभिन्न वर्गों के बीच की संवेदनहीनता पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “जब मुसलमान को ठोका जाता है, तो शेड्यूल कास्ट वाला कहता है कि मुल्ला जी ठोक दिए गए। लेकिन याद रहे, जब शेड्यूल कास्ट और बैकवर्ड वाले ठोके जाते हैं, तो बाकी तमाशा देखते हैं।” उन्होंने सरकार पर असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए मंदिर-मस्जिद और हिंदू-मुस्लिम कार्ड खेलने का गंभीर आरोप लगाया।

​ब्राह्मणों को बताया ‘द्वितीय श्रेणी’ का नागरिक

नसीमुद्दीन सिद्दीकी यहीं नहीं रुके, उन्होंने सवर्ण वोट बैंक में सेंधमारी की कोशिश करते हुए भाजपा पर ब्राह्मणों की उपेक्षा का आरोप मढ़ा। सिद्दीकी ने कहा कि आज भाजपा के भीतर ब्राह्मणों को पहली नागरिकता नहीं मिल रही है, उन्हें ‘द्वितीय दर्जे का नागरिक’ बना दिया गया है। उन्होंने आगाह किया कि आज जो दूसरों के साथ हो रहा है, कल वही सबके साथ होगा और सबका नंबर बारी-बारी से आएगा।

​विकास दुबे एनकाउंटर पर उठाए सवाल

सपा नेता ने चर्चित विकास दुबे एनकाउंटर का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, “विकास दुबे अपराधी था, उसे सजा मिली यह ठीक है, लेकिन उसकी पत्नी और बेटी का क्या कसूर था?” सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि सरकार न्याय के नाम पर बदले की भावना से काम कर रही है।

​पूर्व बसपा मंत्री और अब सपा के दिग्गज नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी के इस तीखे बयान ने बागपत से लेकर लखनऊ तक राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। भाजपा ने इस बयान को समाज में जहर घोलने वाला और हताशा का प्रतीक बताया है।