नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की, स्वामी चिन्मयानंद बापू की अमृतवाणी कर रही भाव विभोर

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा। विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट द्वारा आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 11 पार्क में चल रही दिव्य भागवत कथा के चौथे दिन बुधवार शाम श्री कृष्ण जन्मोत्सव की कथा और अलौकिक झांकी ने सैंकड़ों श्रद्धालुओं को आनंद और उल्लास से भर दिया। पूरे कथा पंडाल में कृष्ण जन्म का उल्लास छा गया। नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की और बाजे बाजे री बधाई मैया तोरे अंगना जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।

राष्ट्रीय संत स्वामी चिन्मयानंद बापू ने लड्डू गोपाल को पालने में झुलाया। वहीं वासुदेव के स्वरूप ने सर पर डलिया में लड्डू गोपाल को रखकर भगवान के जन्म की सजीव झांकी का दर्शन कराया।

इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों और समाजसेवियों ने हाथों में पौधे सहित गमला लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इससे पूर्व कथा क्रम में राष्ट्रीय संत स्वामी चिन्मयानंद बापू ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे खराब मौसम में भी भगवान कृष्ण के प्रति आपकी श्रद्धा स्तुत्य है। आप गोविंद की कृपा के पात्र हैं। दुनियादारी तो चलती ही रहती है मगर जितनी देर प्रभु की भक्ति में समय गुजरे, वही पल स्वर्णिम पल हो जाते हैं।

उन्होंने समझाया कि इंद्रियों पर नियंत्रण आवश्यक है। अगर इंद्रियां वश में ना हों तो उनके मार्ग को मोड़ दो। अगर कान अच्छा संगीत सुनना चाहते हैं तो उन्हें प्रभु के भजन सुनाओ। आंखें अगर रूप की प्यासी हैं तो राधे रानी के दर्शन करवाओ।

पूज्य बापू ने समझाया कि कपड़ों या रंगों से संतत्व तय नहीं होता। कपड़ों से धर्म को तोलना मूर्खता है। सच्चे संत जहां मिलें, उनके चरणों का आश्रय कर लो, भवसागर पार हो जाओगे।

यह रहे प्रमुख रूप से शामिल

इस दौरान मुख्य यजमान राकेश बंसल ब्रश वाले, मंजू बंसल, सुमन गोयल, विनीता सुगंधी, सुनीता मांगलिक, सोनू गुप्ता, नमिता गुप्ता, पूर्विका बंसल, नेहा गोयल, संगीता सिंघल, आस्था अग्रवाल, ममता सिंघल, रेनू पाराशर, गायत्री पाराशर, सोमा सिंह, सुनीता अग्रवाल, सोनाली गर्ग और कमलेश कुशवाह प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।

मास्क लगाएं, जीवन बचाएं

विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मुरारी लाल गोयल पेंट वालों ने सभी श्रद्धालुओं से मास्क लगाकर ही कथा में बैठने की अपील की। उन्होंने बताया कि कथा के पांचवें दिन 6 जनवरी, गुरुवार को दोपहर 1:00 बजे से भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं व गोवर्धन पूजा की कथा के साथ छप्पन भोग की दिव्य झांकी के दर्शन होंगे।

-up18 News